Bihar Weather: झुलसती गर्मी पर मेहरबान हुआ मौसम, पटना समेत कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका, 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Bihar Weather: बिहार के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। इस बदलते मौसम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

पटना समेत कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका- फोटो : social Media

Bihar Weather:बिहार  में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली लू ने आम लोगों की ज़िंदगी बेहाल कर दी थी। दिन हो या रात, तपिश ने लोगों का सुकून छीन लिया था। मगर अब मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। इस बदलते मौसम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाएं बिहार की तरफ बढ़ रही हैं। वहीं पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण के असर से फिजा में अस्थिरता बढ़ गई है। इसी वजह से प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून के दौरान इस तरह का मिजाज बिल्कुल सामान्य माना जाता है।

राजधानी पटना में भी मौसम के अचानक बदलने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार शहर में तेज गर्जना, बिजली चमकने और बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज होगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले सात दिनों तक बिहार का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। बीच-बीच में बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। हालांकि कुछ इलाकों में उमस बरकरार रह सकती है, लेकिन लू जैसी खतरनाक स्थिति फिलहाल नहीं बनेगी।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी पकड़ रही हैं। जून के पहले और दूसरे सप्ताह में अच्छी प्री-मानसून बारिश शुरू हो सकती है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के 12 जून से 18 जून के बीच बिहार पहुंचने की संभावना जताई गई है। अगर बंगाल की खाड़ी में सिस्टम ज्यादा मजबूत हुआ तो मानसून तय वक्त से पहले भी दस्तक दे सकता है।