Patna Fire Incident: पटना में बड़ा हादसा टला, दीघा में गैस पाइप लाइन लीक से लगी आग,ब्लास्ट के डर से कांपी मंडी, दहशत में इलाके के लोग
Patna Fire Incident: पटना के दीघा सब्जी मंडी इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक आग की भीषण लपटें उठने लगीं।
Patna Fire Incident: पटना के दीघा सब्जी मंडी इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक आग की भीषण लपटें उठने लगीं। बताया जा रहा है कि गैस पाइप लाइन कटने के बाद रिसाव हुआ और उसी से आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में इलाके में धुआं और आग की ऊंची-ऊंची लपटें फैल गईं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि लोग ब्लास्ट के डर से पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे। किसी बड़ी अनहोनी की आशंका के चलते आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 101 पर कॉल कर अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लोदीपुर फायर स्टेशन के अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल 5 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद गैस सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया जा सका।
अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि पास में बिजली का काम चल रहा था, इसी दौरान GAIL India Limited की गैस पाइप लाइन में कट लग गया, जिससे गैस रिसाव हुआ और आग भड़क उठी। समय रहते सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे एक बड़ा विस्फोट टल गया।गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, यह इलाका पूरी तरह रिहायशी क्षेत्र है और आसपास दर्जनों बहुमंजिला इमारतें मौजूद हैं। आग की तीव्रता देखकर साफ था कि अगर थोड़ी भी देरी होती तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
फिलहाल गैस सप्लाई को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और इलाके को सुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही, अग्निशमन विभाग ने स्थानीय लोगों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी निर्माण या खुदाई कार्य के दौरान गैस पाइप लाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यदि कहीं भी रिसाव या गड़बड़ी दिखे तो तुरंत संबंधित विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचना दें। यह घटना देर रात पटना में एक बड़े खतरे की घंटी बनकर सामने आई, जिसने एक बार फिर शहरी इलाकों में बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।