Bihar weather: सतर्क रहें! बिहार में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और ओले गिरने की चेतावनी, 19 जिलों में ऑरेंज और 19 में येलो अलर्ट जारी

Bihar weather: आसमान पर मंडराते सियाह बादल, गरजती बिजली और तेज़ रफ्तार हवाएं अब लोगों के लिए राहत के साथ-साथ ख़तरे की घंटी भी बनती जा रही हैं।

बिहार में मौसम का कहर जारी!- फोटो : social Media

Bihar weather: बिहार में मानसून-पूर्व की सरगर्मी ने मौसम के मिज़ाज को पूरी तरह बदल दिया है। आसमान पर मंडराते सियाह बादल, गरजती बिजली और तेज़ रफ्तार हवाएं अब लोगों के लिए राहत के साथ-साथ ख़तरे की घंटी भी बनती जा रही हैं। तपती गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन फिज़ा में बिखरी यह नमी अब आफ़त का पैग़ाम भी ला रही है।

मौसम विभाग के ताज़ा बुलेटिन के मुताबिक, आज 4 मई को राज्य के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब साफ है कहीं तेज बारिश, कहीं आंधी-तूफान और कहीं बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। खासकर उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व इलाकों में बादलों की गरज के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं।

वहीं, दक्षिणी हिस्सों में भी मौसम का तेवर कम नहीं होगा। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। इस बदलते मौसम ने लोगों की दिनचर्या को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

पिछले 24 घंटों में तापमान 28.6 से 37.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई खास तब्दीली नहीं होगी, यानी गर्मी और उमस का मिला-जुला असर जारी रहेगा।5 मई से लेकर 7 मई तक हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं। इन दिनों राज्य के अधिकतर इलाकों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज़ हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को हिदायत दी है कि खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें, क्योंकि वज्रपात का खतरा सबसे ज्यादा इसी दौरान होता है। कुल मिलाकर, बिहार में मौसम का यह बदला हुआ रूप जहां राहत दे रहा है, वहीं सतर्कता की सख्त ज़रूरत भी पैदा कर रहा है।