‘बिहार अब गुजरात से चलेगा ! गांधी के हत्यारों की विचारधारा वाले को मजबूत कर रहे नीतीश, खूब बरसे तेजस्वी

संभावित मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भी तेजस्वी यादव ने निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सामने आने पर उन्होंने कहा कि वे लालू प्रसाद यादव की “पाठशाला” से निकले हैं

Tejashwi yadav- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब बिहार की सरकार “गुजरात से संचालित” होगी। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने उस विचारधारा वाली पार्टी को राज्य में स्थापित करने का रास्ता दिया है, जिसके खिलाफ वे पहले बात करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश तो महात्मा गांधी का नाम लेते थे, लेकिन आज वही नाथूराम गोडसे की विचारधारा से जुड़ी पार्टी को मजबूत कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया, आज उन्हें ही आगे बढ़ाया जा रहा है।


संभावित मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भी तेजस्वी यादव ने निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सामने आने पर उन्होंने कहा कि वे लालू प्रसाद यादव की “पाठशाला” से निकले हैं और उन्हें राजनीति में आगे बढ़ाने का काम राजद ने ही किया। उन्होंने तंज कसा कि भाजपा ऐसे ही नेताओं को आगे कर रही है, जिनकी पृष्ठभूमि राजद से जुड़ी रही है, जो लालू यादव के इर्दगिर्द के रहे हैं। तेजस्वी ने यह भी कहा कि राज्य में जो भी नई सरकार बनेगी, उसका मुख्यमंत्री सीधे तौर पर जनता द्वारा चुना हुआ नहीं होगा। अब गुजरात से बिहार चलेगा। 


इससे पहले मंगलवार को अपराह्न 3 बजे के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस दौरान उनके साथ सम्राट चौधरी और मंत्री विजय कुमार चौधरी मौजूद रहे। इस्तीफे से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) पहुंचे थे।


वहीं, इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार को भंग करने के प्रस्ताव पर मुहर लगी, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। अब 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण की तैयारी की जा रही है।