Bihar State Women Commission: 25 साल का सफर, अब महिला आयोग का अपना डाक टिकट, ज्ञान भवन में रजत जयंती समारोह, कई दिग्गज होंगे शामिल

Bihar State Women Commission: बिहार राज्य महिला आयोग अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर शनिवार को रजत जयंती मना रहा है।

Bihar State Women Commission: बिहार राज्य महिला आयोग अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर शनिवार को रजत जयंती मना रहा है। पटना के ज्ञान भवन में इस अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और कई मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। समारोह का सबसे खास आकर्षण बिहार राज्य महिला आयोग के लोगो पर आधारित विशेष डाक टिकट का जारी होना होगा।

आयोग की सदस्य सजल झा ने बताया कि महिला आयोग 25 वर्षों का सफर पूरा कर रहा है। रजत जयंती के मौके पर आयोग के लोगो पर एक विशेष डाक टिकट जारी करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से जारी होने वाले नोटिस और समन समेत विभिन्न आधिकारिक पत्राचार में डाक टिकट का इस्तेमाल होता है। ऐसे में आयोग के लोगो पर डाक टिकट जारी करना एक विशेष संदेश देने की पहल है।

सजल झा ने कहा कि समारोह में महिला मंत्रियों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों में काम करते हुए अपनी पहचान बनाने वाली इन महिलाओं की उपलब्धियों को कार्यक्रम में रेखांकित किया जाएगा। उनके मुताबिक, विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहीं महिलाओं की सफलता दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा का माध्यम बन सकती है।

समारोह में बिहार के अलग-अलग जिलों, क्षेत्रों और पेशों से जुड़ी महिलाओं को भी आमंत्रित किया गया है। आयोग की रजत जयंती के जरिए महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से सामने रखने की तैयारी है।

बिहार राज्य महिला आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, वर्तमान आयोग का पुनर्गठन जून 2025 में हुआ था और इसके बाद आयोग ने कई जिलों में लंबित मामलों की सुनवाई तथा निरीक्षण से जुड़े कार्यक्रम किए हैं।