चिराग पासवान पूरा करेंगे युवाओं की आकांक्षा और सपना, 24 सितंबर को पटना में होगा 'Youth BOLE TO'
'Youth BOLE TO' में युवा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक, डिजिटल युग की चुनौतियों तथा अपने भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सीधे चिराग पासवान के साथ संवाद कर सकेंगे।
Bihar News : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश कार्यालय में शनिवार को बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने पार्टी के आगामी महत्वपूर्ण युवा कार्यक्रम “Youth BOLE TO” (यूथ बोले तो) की घोषणा की। सुरेंद्र विवेक ने बताया कि आगामी 24 सितंबर 2026 को वेटनरी ग्राउंड, पटना में “Youth BOLE TO” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बिहार के युवाओं की नई पीढ़ी, विशेषकर Gen-Z, से सीधे संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि “Youth BOLE TO” कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी बात खुलकर रखने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान युवा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक, डिजिटल युग की चुनौतियों तथा अपने भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सीधे चिराग पासवान के साथ संवाद कर सकेंगे।
उन्होंने कहा, चिराग पासवान लगातार युवाओं की आकांक्षाओं, उनके सपनों और बदलते भारत में उनकी भूमिका को महत्व देते रहे हैं। ऐसे समय में जब युवा पीढ़ी देश की दिशा और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, “Youth BOLE TO” कार्यक्रम युवाओं और नेतृत्व के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
तैयारियों और सफल आयोजन पर चर्चा
सुरेंद्र विवेक ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की भी महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी सोच, उनके सुझाव और उनकी समस्याओं को समझना तथा उन्हें नीति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। इसी उद्देश्य के साथ पार्टी द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों और सफल आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के सुचारू संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष को कार्यक्रम संयोजक के रूप में सौंपी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, युवा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए “Youth BOLE TO” कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की बात सुनने, उनकी आकांक्षाओं को समझने और उनके साथ संवाद स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
नरोत्तम की रिपोर्ट