Patna News:बिहटा में युवक की संदिग्ध मौत, सिर और छाती में लगी गोली,हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर में 30 वर्षीय युवक अनुरोध कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। शरीर पर दो गोलियां (सिर और सीने में) मिलने से पुलिस इसे हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच रही है। परिजनों के बयान संदिग्ध पाए गए हैं।

बिहटा में युवक की संदिग्ध मौत- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब घर के भीतर भी खून-खराबा आम हो गया है। जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार दोपहर एक युवक की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय मुन्ना राय के 30 वर्षीय पुत्र अनुरोध कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और गांव में सन्नाटा पसरा है।


तनाव में था युवक, घर के भीतर ही चली गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुरोध कुमार पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था। घटना के वक्त घर में अनुरोध के साथ उसकी पत्नी, मां और बहन मौजूद थीं। अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद परिजनों ने उसे लहूलुहान हालत में बिहटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।


हत्या या आत्महत्या? पुलिस के उलझे सवाल

इस मामले ने तब पेचीदा मोड़ ले लिया जब डॉक्टरों ने मृतक के शरीर पर दो गोलियों के निशान पाए। एक गोली अनुरोध की छाती पर लगी है और दूसरी सिर में। पुलिस के अनुसार, खुदकुशी के मामलों में आमतौर पर एक ही गोली का घाव होता है, लेकिन शरीर के दो अलग-अलग हिस्सों (सिर और सीने) में गोली लगना हत्या की ओर भी इशारा कर रहा है। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या, दोनों एंगल्स से गहन जांच कर रही है।


परिजनों के बयान संदिग्ध, FSL टीम को बुलाया गया

घटना की गंभीरता को देखते हुए दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहम्मदपुर में एक युवक को गोली लगी है। जब पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची, तो परिजनों से पूछताछ की गई। डीएसपी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के बयान संदिग्ध लग रहे हैं, जिससे मामला उलझता नजर आ रहा है। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और घटना की सच्चाई जानने के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी सूचना दे दी गई है।


इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

बिहटा पुलिस अब मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड्स और घर के सदस्यों के बयानों को खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या युवक ने वाकई तनाव में आकर खुद को गोली मारी या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असल वजह साफ हो सके।

रिपोर्ट - सुमित कुमार