Bihta Murder Case: प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने कराई पति की हत्या,पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा, नाबालिक समेत 3 को दबोचा
पटना के बिहटा में चालक मो. इरफान की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया है। अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की थी। पत्नी और प्रेमी समेत 3 गिरफ्तार।
पटना (बिहटा): राजधानी पटना से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने अवैध प्रेम प्रसंग का भेद खुलने के बाद अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करवा दी। इस खौफनाक साजिश से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है। दरअसल बिहटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर सिमरी गांव में चालक मो. इरफान इमाम उर्फ कल्लू की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक बड़ा और सनसनीखेज खुलासा किया है।
दरवाजा खुलवाकर सिर में मारी गई थी गोली, मोबाइल भी ले गए थे अपराधी
पुलिस के अनुसार, बीती 10 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे बाइक सवार दो शातिर अपराधी इरफान के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोलकर बाहर देखा, अपराधियों ने उसके सिर में नजदीक से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उसका मोबाइल फोन भी साथ लेते फरार हो गए। घटना के वक्त मृतक की पत्नी अपने छोटे बेटे के साथ मायके में थी, जबकि बड़ा बेटा घर के अंदर सो रहा था।
दो साल से चल रहा था अवैध प्रेम संबंध, विरोध करने पर रची गई हत्या की साजिश
पुलिस अनुसंधान में यह बात खुलकर सामने आई है कि मृतक की पत्नी नेहा परवीन का गांव के ही करण कुमार के साथ पिछले करीब दो वर्षों से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। पति इरफान इस रिश्ते का लगातार कड़ा विरोध कर रहा था। इसी विरोध को हमेशा के लिए खत्म करने और अपने रास्ते का कांटा हटाने के लिए प्रेमी करण कुमार ने मृतक की पत्नी के साथ मिलकर इरफान को मौत के घाट उतारने की पूरी साजिश रची थी।
एक माह पहले भी पति-पत्नी पर हुई थी फायरिंग, पुलिस ने पुरानी घटना को भी जांच में जोड़ा
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि इरफान की हत्या से बमुश्किल एक माह पहले भी पति-पत्नी पर फायरिंग की एक वारदात हुई थी। उस दौरान दोनों बाइक से आरा से लौट रहे थे, तभी मौदही गांव के पास उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। अब इस हत्याकांड में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आने के बाद पुलिस पुरानी फायरिंग की इस घटना को भी अपनी जांच के दायरे में रखकर गहराई से खंगाल रही है।
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचा, पत्नी और प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार
घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर बिहटा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद दानापुर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मृतक की पत्नी नेहा परवीन, मुख्य आरोपी प्रेमी करण कुमार और एक विधि-विरुद्ध बालक को धर दबोचा। पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।