'मुहिम ग्रीन विलेज': पटना के बिक्रम में युवाओं ने मिलकर तालाब के चारों ओर बनाया 'ग्रीन कॉरिडोर'
बिक्रम के सैदाबाद गांव में 'मुहिम ग्रीन विलेज' के बैनर तले सुमित कुमार और स्थानीय युवाओं ने 22 बीघे में फैले ऐतिहासिक तालाब के चारों ओर 200 से अधिक पौधे रोपे हैं। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र को 'ग्रीन कॉरिडोर' बनाना है।
पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के उद्देश्य से बिक्रम प्रखंड के सैदाबाद गांव में एक सराहनीय पहल की गई है। 'मुहिम ग्रीन विलेज' के बैनर तले युवाओं और ग्रामीणों की टोली ने मिलकर एक भव्य पौधारोपण अभियान चलाया। सुमित कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस पुनीत कार्य के तहत गांव के 22 बीघे में फैले ऐतिहासिक तालाब के चारों तरफ 200 से अधिक फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए।
विविध प्रकार के पौधों का रोपण और संरक्षण का संकल्प
दीर्घकालिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तालाब के चारों ओर फलदार (आम, आंवला), औषधीय (नीम, पीपल) तथा बेशकीमती छायादार (महोगनी, सागवान, गुलमोहर) पौधे रोपे गए। ग्रामीणों ने पौधों को केवल रोपने ही नहीं, बल्कि उन्हें पूरी तरह से सुरक्षित रखने और बड़ा करने का सामूहिक संकल्प लिया।
'ग्रीन कॉरिडोर' और जैव-विविधता का निर्माण
अभियान के सूत्रधार सुमित कुमार ने बताया कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य पूरे क्षेत्र को 'ग्रीन कॉरिडोर' के रूप में विकसित करना है। भविष्य में जब ये पौधे घने वृक्ष बनेंगे, तो भीषण गर्मी में खेतों में काम करने वाले किसानों और राहगीरों को सुकून भरी छाया मिल सकेगी। इसके साथ ही यह क्षेत्र जैव-विविधता का एक सुंदर केंद्र बनेगा।
बच्चों और जनप्रतिनिधियों का मिला भरपूर सहयोग
अभियान में पंचायत समिति राजू जी, वार्ड सदस्य कुंदन जी, विक्कू जी, वनकुश जी, पत्रकार प्रमेन्द्र जी और स्कूली छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने हर नागरिक द्वारा एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी उठाने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने सुमित कुमार और उनकी पूरी टीम के इस निस्वार्थ प्रयास की सराहना की।
बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट