Bihar BJP Meeting:मानसून सत्र में विपक्ष को जवाब देने की तैयारी, आज शाम में होगी BJP विधानमंडल दल की बैठक, सदन की रणनीति पर होगा मंथन

आज शाम 5 बजे भाजपा विधानमंडल दल की बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित की जाएगी।...

आज शाम में होगी BJP विधानमंडल दल की बैठक- फोटो : social Media

Bihar BJP Meeting:बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के बीच सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्ष के हमलों का जवाब देने और सदन में अपनी रणनीति को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। इसी क्रम में आज शाम 5 बजे भाजपा विधानमंडल दल की बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में भाजपा के सभी विधायक शामिल होंगे। बैठक में मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों और उनके जवाब को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी की कोशिश होगी कि सदन में सरकार और संगठन का पक्ष मजबूती से रखा जाए और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब दिया जाए।

दरअसल, मानसून सत्र के पहले दिन से ही विपक्ष सरकार को घेरने में जुटा हुआ है। मॉडल स्कूलों के कथित भगवाकरण, NEET पेपर लीक और ग्रामीणों पर टैक्स लगाने के मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। विपक्ष इन मुद्दों पर सदन में सरकार से जवाब मांग रहा है।

वहीं, सत्ता पक्ष भी विपक्ष के हमलों की धार को कुंद करने की रणनीति तैयार कर रहा है। भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में विधायकों को सदन के अंदर आक्रामक और तथ्यों पर आधारित जवाब देने की रणनीति समझाई जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया जा सकता है कि किन मुद्दों पर पार्टी विपक्ष को घेर सकती है और सरकार की उपलब्धियों को किस तरह जनता के सामने रखा जाए। इसके अलावा विधायकों को सदन की कार्यवाही के दौरान एकजुटता बनाए रखने और सरकार के फैसलों का मजबूती से समर्थन करने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।मानसून सत्र में पहले ही दिन NEET पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के बाद सत्ता पक्ष अब पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहता है। ऐसे में भाजपा विधानमंडल दल की यह बैठक आने वाले दिनों की विधानसभा रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। 

ब्यूरो रिपोर्ट