Bihar Politics: BJP नेता राजीव रंजन ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर दी बधाई, बिहार बीजेपी के लिए कल का दिन बताया ऐतिहासिक
Bihar Politics: भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राजीव रंजन ने भी नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने पटना की सड़कों पर नितिन नवीन के स्वागत को लेकर पोस्टर भी लगवाया है।
Bihar Politics: बीजेपी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार यानी कल पटना आएंगे। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना आ रहे हैं। ऐसे में बिहार बीजेपी के लिए कल का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है। बिहार बीजेपी के तमाम नेता नितिन नवीन को शुभकामनाएं दे रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राजीव रंजन ने भी नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने पटना की सड़कों पर नितिन नवीन के स्वागत को लेकर पोस्टर भी लगवाया है।
राजीव रंजन ने दी नितिन नवीन को शुभकामनाएं
दरअसल, नितिन नवीन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद पहली बार पटना आ रहे हैं। ऐसे में पूरे पटना में उनकी पोस्टर लगाई गई है। नितिन नवीन के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजीव रंजन ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रुप में नियुक्ति होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, नितिन नवीन कल राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना आ रहे हैं। कल का दिन बिहार बीजेपी के लिए ऐतिहासिक है। पटना एयरपोर्ट पर नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया जाएगा। जिसके बाद रोड शो में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावनाएं हैं।
एयरपोर्ट से शुरू होगा भव्य रोड शो
बता दें कि, दोपहर 12:30 बजे पटना हवाई अड्डा पर नितिन नवीन के पहुंचते ही उनके स्वागत कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत होगी। स्वागत में एक दर्जन से अधिक हाथी और घोड़े, पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकार, ढोल-नगाड़े और भव्य सांस्कृतिक झांकियां शामिल होंगी। हजारों की संख्या में बाइक सवार कार्यकर्ता काफिले के आगे-आगे चलेंगे, जिससे यह रोड शो ऐतिहासिक रूप लेगा। एयरपोर्ट से लेकर पूरे मार्ग को झंडा, बैनर, पोस्टर और भव्य स्वागत मंचों से सजाया गया है। पटना के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुष्पवर्षा और मंचीय स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है।
धार्मिक और वैचारिक स्थलों पर श्रद्धांजलि
रोड शो के दौरान नितिन नवीन सबसे पहले शेखपुरा मोड़ होते हुए राजवंशी नगर स्थित महावीर मंदिर पहुंचेंगे। जहां वे पंचमुखी हनुमान की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद काफिला पुनाईचक मार्ग से होते हुए पटना हाई कोर्ट के समीप डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेगा। इसके बाद आयकर गोलंबर पहुंचकर वे लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। यह क्रम भाजपा की आस्था, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक संघर्ष की विचारधारा को एक साथ जोड़ने का प्रतीक माना जा रहा है।
मिलर हाई स्कूल मैदान में महासमागम
रोड शो का समापन मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित विशाल अभिनंदन समारोह के साथ होगा। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। पटना महानगर की सभी विधानसभा इकाइयों, मोर्चों, मंचों और प्रकोष्ठों के लिए अलग-अलग स्वागत मंच बनाए गए हैं। कार्यक्रम की खास आकर्षण बिहार की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली झांकियां होंगी, जिनमें राज्य की लोककला, परंपरा और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिलेगी। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।