Bihar News : सलमान खान का ‘सेक्रेटरी' बनकर साइबर ठगों ने फंसाया, अब पटना का गरीब दंपती आत्महत्या करने को मजबूर, जानिए क्या है पूरा मामला
PATNA : पटना में साइबर ठगी का नया ट्रेंड सामने आया है। जालसाज ने खुद को सलमान खान का सेक्रेटरी बता बेउर इलाके के संतोष कुमार और उनकी पत्नी सुमन केसरी को झांसे में लिया। आर्थिक मदद का प्रलोभन देकर दंपती से विभिन्न बैंकों में नौ खाते खुलवाए। इसके बाद आठ खातों का एटीएम कार्ड अपने पास मंगा लिया। अब उन खातों में साइबर ठगी के लाखों रुपए ट्रांसफर हो रहे हैं। गुजरात और बेंगलुरु के कई कारोबारियों से ठगी के लाखों रुपए दंपती के खाते में आए हैं। अब गुजरात और बेंगलुरु की पुलिस दंपती को तलाश रही है। दोनों जगहों की पुलिस ने दंपती को नोटिस भेजा है।
हालांकि दंपती ने 1930 पर इसकी शिकायत कर दी है। दंपती ने कहा-आत्महत्या ही विकल्प बचा है। संतोष फेरी का काम करते हैं। उनकी पत्नी सुमन के पास 29 अगस्त को अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह सलमान खान का सेक्रेटरी बोल रहा है। सलमान खान का संगठन गरीबों की आर्थिक मदद करता है। आपको दो लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए आपको कुछ बैंकों में खाता खुलवाना होगा।
सुमन ने कहा कि हमने केनरा बैंक, यूको बैंक, सेंट्रल बैंक में नौ खाता खुलवाए। इनमें से आठ खातों के एटीएम कार्ड शातिर के कहे अनुसार झारखंड के दुमका के मनीष कुमार के पते पर भेज दिया। उसने कहा था कि चेक करने के बाद सभी एटीएम कार्ड लौटा दिए जाएंगे, उसके बाद खाते में पैसा आने लगेंगे।
सुमन ने कहा कि 18 नवंबर से शातिर ने मेरा फोन उठाना बंद कर दिया। 1 दिसंबर को गुजरात पुलिस और अब बेंगलुरु पुलिस का नोटिस आया है। मेरे ऊपर एफआईआर दर्ज हो गई है। हम साइबर थाना गए थे। लेकिन पुलिस ने हमारी शिकायत नहीं ली और लौटा दिया। पुलिस हमारी नहीं सुन रही है। अब हमारे पास आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
अनिल की रिपोर्ट