शिक्षकों और युवाओं के मुद्दों को लेकर सीएम से मिले बीजेपी MLC नवल किशोर यादव, गर्दनीबाग प्रदर्शनकारियों की मांगों से कराया अवगत

पटना के गर्दनीबाग इलाके में पिछले कई दिनों से शिक्षक और छात्र अपनी मांगो को लेकर धरना पर बैठे है। रविवार को बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव सीएम से मिलकर उनकी मांगो से उन्हें अवगत कराया। जिसपर मुख्यमंत्री की ओर से साकारात्मक आश्वासन मिला है....

सीएम से मिले बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव- फोटो : वंदना

Patna : बिहार विधान परिषद के सदस्य (MLC) और भाजपा नेता नवल किशोर यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर राज्य के शिक्षकों और युवाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक के दौरान वित्त रहित शिक्षकों, अतिथि शिक्षकों और हालिया शिक्षक बहाली प्रक्रियाओं से जुड़ी प्रमुख मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।


गर्दनीबाग प्रदर्शनकारियों की माँगों से कराया अवगत 

MLC नवल किशोर यादव ने पटना के गर्दनीबाग में लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों, युवाओं और शिक्षक संगठनों की पीड़ा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों द्वारा उठाई जा रही मांगों का ब्योरा सौंपते हुए कहा कि इन युवाओं और शिक्षकों की चिंताओं का समयबद्ध समाधान किया जाना बेहद आवश्यक है।


सरकार की ओर से सकारात्मक समाधान का आश्वासन 

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इन सभी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और इनका उचित रास्ता निकालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही संबंधित विभागों के साथ समीक्षा कर शिक्षकों और युवाओं की समस्याओं को दूर करने के लिए ठोस और उचित कदम उठाए जाएंगे।


वित्त रहित शिक्षकों के वेतनमान पर जल्द होगी बैठक 

बैठक का मुख्य बिंदु वित्त रहित शिक्षकों के वेतनमान से जुड़ा मुद्दा रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस विषय पर त्वरित पहल करते हुए कहा कि एक से दो दिनों के भीतर वित्त रहित शिक्षकों के प्रतिनिधियों और शिक्षक नेताओं के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि वेतनमान से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या का जल्द से जल्द सर्वसम्मत समाधान निकाला जा सके।


वंदना की रिपोर्ट