'अन्नपूर्णा' निवास पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिवंगत वरिष्ठ नेता आर. के. सिन्हा की तैल चित्र पर पुष्प चढ़ा दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बीजेपी के संस्थापक सदस्य व पूर्व राज्यसभा सांसद के निधन के बाद उनके पटना स्थित आवास पर उन्हें श्रद्धांजली देने के लिए राजनेताओं का तांता लगा हुआ है। इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उनके आवास पहुंचे.....

'अन्नपूर्णा' निवास पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन- फोटो : रोहित

Patna : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पार्टी के संस्थापक सदस्य, वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय आर. के. सिन्हा के पटना स्थित 'अन्नपूर्णा' निवास पहुंचे। वहां उन्होंने दिवंगत नेता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुखद घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया।


ऋतुराज सिन्हा और परिवार से की मुलाकात, अपूरणीय क्षति पर जताया दुख

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वर्गीय आर. के. सिन्हा के सुपुत्र एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता ऋतुराज सिन्हा और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने आर. के. सिन्हा के निधन को संगठन और समाज के लिए अपूर्णीय क्षति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। बातचीत के दौरान ऋतुराज सिन्हा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को आगामी 12 नवंबर को 'अन्नपूर्णा' आवास पर आयोजित होने वाले ब्रह्मभोज एवं प्रार्थना सभा में सम्मिलित होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।


प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि

इस मौके पर भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मौजूद रहे। उन्होंने भी स्वर्गीय आर. के. सिन्हा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने दिवंगत नेता के सांगठनिक योगदान को याद करते हुए कहा कि पार्टी के निर्माण और विस्तार में आर. के. सिन्हा जी की भूमिका हमेशा स्मरणीय रहेगी।


पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर, ब्रह्मभोज की तैयारियां जारी

पूर्व राज्यसभा सांसद आर. के. सिन्हा के निधन से बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है। 'अन्नपूर्णा' निवास पर आयोजित होने वाले आगामी 12 नवंबर के ब्रह्मभोज और प्रार्थना सभा की तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें देश व प्रदेश के कई प्रमुख राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों के जुटने की संभावना है।


रोहित की रिपोर्ट