बीजेपी का प्रशांत किशोर और राजद पर तीखा हमला : PK का मतलब 'प्रखर कुटिल'', बांकीपुर में अराजकता फैलाने की हुई कोशिश

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के संदर्भ में बीजेपी ने विपक्ष और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर जमकर निशाना साधा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने प्रशांत किशोर पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पीके का मतलब 'प्रखर कुटिल' है....

बीजेपी का प्रशांत किशोर और राजद पर तीखा हमला- फोटो : नरोत्तम कुमार

 

Patna : भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के संदर्भ में विपक्ष और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर जमकर निशाना साधा है। शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उन्होंने बांकीपुर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि वहां के लोगों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनका दिल भारतीय जनता पार्टी में ही बसता है।


'PK' का नया अर्थ और तेजस्वी से साइलेंट अंडरस्टैंडिंग का आरोप

डॉ. अजय आलोक ने प्रशांत किशोर (PK) पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे प्रशांत किशोर नहीं बल्कि 'प्रखर कुटिल' हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव में एक तरफ 'युवराज' यानी तेजस्वी यादव गायब थे, वहीं दूसरी तरफ प्रशांत किशोर ने पूरे चुनाव प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव पर एक बार भी हमला नहीं बोला। डॉ. आलोक ने दावा किया कि इन दोनों के बीच एक अंदरूनी 'साइलेंट अंडरस्टैंडिंग' (मूक सहमति) चल रही है।


फेक सर्वे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल 

भाजपा प्रवक्ता ने मतदान के तुरंत बाद जारी एग्जिट पोल और सर्वे की टाइमिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शाम 6:00 बजे वोटिंग खत्म हुई और 6:02 बजे पहला सर्वे शुरू हो गया, जबकि भाजपा का वास्तविक पोलिंग फीडबैक आते-आते रात के 9:00 बज जाते हैं। उन्होंने इन दावों को 'फेक सर्वे' करार दिया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और माले मिलकर जन सुराज प्रत्याशी को जितवाना चाहते हैं और बांकीपुर में हर बूथ पर अराजकता फैलाने की कोशिश की गई।


हार की बौखलाहट और कार्यकर्ताओं को प्रलोभन देने का दावा 

डॉ. अजय आलोक ने कहा कि विपक्षी खेमे में हार की कुंठा इतनी बढ़ गई थी कि चुनाव के एक दिन पहले थाने जाकर बवाल काटा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नियम विरुद्ध गाड़ियों के काफिले के साथ घूमकर बूथों पर अराजकता फैलाई गई और भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रलोभन देने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद ये लोग फिर से तंत्र पर हार का ठीकरा फोड़ेंगे और कहेंगे कि भाजपा ने चुनाव हरवा दिया।


जनता से सतर्क रहने की अपील और करगहर से चुनाव लड़ने की चुनौती 

बांकीपुर की जनता को सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि बहुत मुश्किलों के बाद बिहार बर्बादी के दौर से बाहर निकला है, इसलिए लोग किसी 'सियार' के चक्कर में न आएं। उन्होंने भरत तिवारी के परिवार का राजनीतिक इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया और कहा कि 3 तारीख के बाद ये लोग गायब हो जाएंगे। अंत में उन्होंने चुटकी लेते हुए प्रशांत किशोर से आग्रह किया कि आने वाले नगर निकाय और पंचायत चुनावों में वे 'करगहर' से चुनाव लड़ें, जहां की जनता उन्हें चंदा देकर चुनाव लड़वाएगी।

नरोत्तम की रिपोर्ट