Bihar Crime : गयाजी में नाबालिग का अपहरण कर बदमाशों ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

Bihar Crime : गयाजी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Bihar Crime : गयाजी में नाबालिग का अपहरण कर बदमाशों ने किया
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया पुलिस ने पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े एक गंभीर मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर त्वरित कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी नाबालिग पुत्री का आशीष कुमार ने अपहरण कर एक होटल में दुष्कर्म किया। 

शिकायत में यह भी कहा गया कि दो दिन बाद पीड़िता को घर छोड़ने के दौरान आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

इस संबंध में इमामगंज थाना मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दिव्यांजलि जायसवाल  के मार्गदर्शन तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन के आधार पर छापेमारी कर आरोपी आशीष कुमार, निवासी पकड़ी गुड़िया, थाना इमामगंज, को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी ग्रामीण दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक अनुसंधान तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित कर त्वरित सुनवाई के माध्यम से दोषी को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

मनोज की रिपोर्ट