भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी वंदे भारत एक्सप्रेस से गए जमुई, सवा दो घंटे विलंब से पटना से खुली ट्रेन

संजय सरावगी का ट्रेन से सफर करने का निर्णय उनके लिए ट्रेन की लेट लतीफी का सामना करने वाला अनुभव भी बना जब पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस सवा दो घंटे से ज्यादा देरी से पटना से खुली.

Sanjay Sarawagi went to Jamui by Vande Bharat Express- फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने एवं पेट्रोल-डीजल की बचत करने के आह्वान को साकार करने के लिए बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को नजीर पेश की. उन्होंने पटना से जमुई का सफर ट्रेन से किया. वे पटना से वंदे भारत से जमुई के लिए रवाना हुए. वहीं वापसी की यात्रा भी वे जमुई से पटना तक ट्रेन से करेंगे. 


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने मौजूदा वैश्विक संकट के समय लोगों से आयातित सामग्रियों के उपयोग को कम करने की अपील की है. सोना नहीं खरीदना, पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग, सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल आदि प्रमुख है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अपील को लेकर बिहार भाजपा ने भी तय किया है कि विभिन्न कार्यक्रमों के लिए कम से कम वाहनों का उपयोग किया जायेया. जमुई में आज भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे ट्रेन से जा रहे हैं. 


सवा दो घंटे विलंब से खुली ट्रेन 

हालांकि संजय सरावगी का ट्रेन से सफर करने का निर्णय उनके लिए एक अजीब अनुभव भी बना जब ट्रेन की लेट लतीफी का सामना उन्हें करना पड़ा. ट्रेन संख्या 22348 पटना हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस यह पटना से सुबह 8 बजे रवाना होती है लेकिन रविवार को निर्धारित समय से करीब सवा दो घंटे विलंब से वंदे भारत रवाना हुई. सुबह 10.15 बजे के बाद वंदे भारत पटना से खुली जबकि इसके जमुई पहुंचने का समय सुबह 9.49 बजे है. ऐसे में जिस समय संजय सरावगी को जमुई में होना था उस समय उनकी ट्रेन पटना से खुली. 


दो दिन पहले ही जमुई में हुआ है ठहराव 

पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव दो दिन पहले ही शुक्रवार, 15 मई से जमुई स्टेशन पर शुरू हुआ है.  जमुई सांसद अरुण भारती और बिहार की खेल सह उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया था. यहां तक कि मंत्री श्रेयसी सिंह ने ईंधन बचत को लेकर केंद्र सरकार की अपील का समर्थन करते हुए पटना से वंदे भारत ट्रेन के जरिए जमुई तक का सफर किया था.


मात्र ढाई घंटे में पटना- जमुई का सफर

जमुई में ट्रेन संख्या 22348 पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव हावड़ा जाने के क्रम में सुबह 9.49 बजे है. जसीडीह, जामतारा, आसनसोल, दुर्गापुर होते हुए दोपहर 2.35 बजे हावड़ा पहुचेगी.  वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 22347 हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस रात्रि 8.06 बजे जमुई स्टेशन पहुंचेगी और लखीसराय, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना साहिब रुकते हुए रात्रि 10.40 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी. इस तरह करीब 5 घंटे में जमुई से हावड़ा का सफर पूरा होगा जबकि जमुई से पटना का सफर करीब 2.30 घंटे में होगा.