Bihar News : आरएसएस प्रमुख के बयान का बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने समर्थन, कहा- विदेशी फंडिंग से देश में अस्थिरता पैदा करने की हो रही साजिश

Bihar News : आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत द्वारा 'सत्ता परिवर्तन की साजिश' वाले बयान को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पूरी तरह से सही ठहराया है.....पढ़िए आगे

बयान का समर्थन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत द्वारा नागपुर में विजयादशमी पर दिए गए सत्ता परिवर्तन की साजिश वाले बयान को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पूरी तरह सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि सरसंघचालक ने न केवल राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप दिया, बल्कि विदेशी फंडिंग के जरिए देश में बांग्लादेश, नेपाल और फ्रांस जैसे हालात पैदा कर लोकतांत्रिक सरकार को अस्थिर करने की साजिशों को लेकर देश को सतर्क भी किया है।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सराओगी ने कहा, "नागपुर में आरएसएस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में सरसंघचालक द्वारा दिया गया संबोधन बिल्कुल सही था। उन्होंने लोगों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय चरित्र को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। मोहन भागवत जी ने यह भी सही चेतावनी दी है कि शासन परिवर्तन या सरकार बदलने के नाम पर देश में अस्थिरता पैदा करने के प्रयासों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।"

उन्होंने कहा कि जो लोग विदेशी ताकतों के इशारे पर बांग्लादेश, नेपाल या फ्रांस जैसे हालात पैदा कर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देख रहे हैं, वे अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे। भारत में अशांति फैलाने की ऐसी साजिशें विदेशी फंडिंग के जरिए भी की जा रही हैं। संजय सरावगी ने कहा कि लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को संवैधानिक रूप से कमजोर करने या सड़कों पर दंगे भड़काकर गिराने के फिराक में जो हैं, उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। विपक्ष से सीधा सवाल है कि सत्ता परिवर्तन की बेचैनी में देश की स्थिरता और विकास को दांव पर क्यों लगा रहे हैं। भारत की जनता जागरूक है। वह किसी भी राजनीतिक साजिश से नहीं, अपने विवेक से फैसला करती है। सत्ता का रास्ता अराजकता से नहीं, जनता के विश्वास और जनहित से होकर गुजरता है।

उन्होंने कहा कि मोहन भागवत ने नागपुर से जो संदेश दिया है, वो सही है कि जिस तरह से राहुल गांधी हों या सीजेपी या विपक्षी दल हो, जिस तरह से विदेशी फंडिंग इस देश में हो रही है, क्योंकि अमेरिकी सिंगर ने खुद कहा है कि विदेशी फंडिंग के माध्यम से अस्थिरता फैलाने की साजिश की जा रही है। इसलिए मोहन भागवत जो कह रहे हैं, वो सही कह रहे हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अश्लील कॉन्टेंट को लेकर मोहन भागवत के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने आह्वान किया है कि देश की युवाओं के भविष्य और सामाजिक मूल्यों की रक्षा का स्पष्ट रोडमैप है। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर परोसी जा रही अनियंत्रित अश्लीलता और विकृतियां और समाज में फैलाए जा रहे नशे का जहर हमारी युवा पीढ़ी की मेधा और विवेक को कुंद करने की साजिश है।