Bihar Politics: नीतीश सेतु के बहाने BJP ने खेला बड़ा दांव! भाजपा के इस चाल से विरोधी हैरान

Bihar Politics: बिहार में गंगा नदी पर बने सबसे लंबे सेतु को ‘नीतीश सेतु’ नाम देकर भाजपा ने सिर्फ एक पुल का नामकरण नहीं किया है, बल्कि इसके जरिए उत्तर प्रदेश की सियासत में भी बड़ा संदेश देने की कोशिश शुरू कर दी है।...

नीतीश सेतु के बहाने BJP का बड़ा दांव! - फोटो : X

Bihar Politics: बिहार में गंगा नदी पर बने सबसे लंबे सेतु को ‘नीतीश सेतु’ नाम देकर भाजपा ने सिर्फ एक पुल का नामकरण नहीं किया है, बल्कि इसके जरिए उत्तर प्रदेश की सियासत में भी बड़ा संदेश देने की कोशिश शुरू कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम को राष्ट्रीय राजनीतिक चर्चा में लाने के साथ भाजपा अब यूपी के जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने में जुट गई है। पार्टी की नजर खास तौर पर कुर्मी मतदाताओं और महिला वोटरों पर है। राजनीतिक जानकार इस पूरी कवायद को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की शुरुआती तैयारी के तौर पर देख रहे हैं।

नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर कांग्रेस, राजद और आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा तक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इससे यह मुद्दा बिहार की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की इस पहल को सियासी नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश में कुर्मी समाज भाजपा के लिए महत्वपूर्ण वोट बैंक माना जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, राज्य के करीब 31 जिलों में इस समुदाय की चुनावी भूमिका प्रभावशाली है। मध्य यूपी से लेकर बिहार की सीमा से सटे पूर्वांचल तक कुर्मी मतदाताओं की अच्छी मौजूदगी है। प्रदेश में इनकी आबादी करीब नौ प्रतिशत बताई जाती है। ऐसे में नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण कर भाजपा इस समाज के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाना चाहती है। खासकर तब, जब कुर्मी मतदाताओं के समाजवादी पार्टी की तरफ झुकाव की चर्चा होती रही है।

भाजपा की रणनीति केवल जातीय समीकरण तक सीमित नहीं है। पार्टी महिला मतदाताओं को भी अपने पक्ष में लामबंद करने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में बिहार भाजपा की 55 महिला नेताओं को पहले चरण में उत्तर प्रदेश की 55 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी देने की योजना बनाई गई है। ये महिला नेता संबंधित क्षेत्रों में जाकर महिलाओं से सीधा संवाद करेंगी और संगठन को मजबूत करने का काम करेंगी।

इस अभियान में अनामिका सिंह पटेल समेत महिला मोर्चा और भाजपा संगठन से जुड़ी अनुभवी नेताओं को शामिल किया जा रहा है। प्रेम रंजन पटेल और सरोज रंजन पटेल जैसे नेताओं के नाम भी इस राजनीतिक कवायद से जुड़े बताए जा रहे हैं। महिला कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है।

संवाद अभियान के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा, स्वावलंबन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर विशेष जोर रहेगा। भाजपा चाहती है कि बिहार में संगठनात्मक कामकाज का अनुभव रखने वाली महिला नेताओं के जरिए यूपी में भी महिलाओं के बीच पार्टी की पैठ बढ़ाई जाए।

इस तरह नीतीश सेतु का नामकरण और बिहार की महिला नेताओं की यूपी में तैनाती, भाजपा की दो अलग-अलग लेकिन एक-दूसरे से जुड़ी चुनावी रणनीतियों के तौर पर देखी जा रही हैं। अब सवाल यह है कि क्या इन राजनीतिक संदेशों के सहारे भाजपा उत्तर प्रदेश में कुर्मी और महिला मतदाताओं का भरोसा और मजबूत कर पाएगी?