पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सबसे बड़ी संगठनात्मक कुर्सी मिलने के बाद अब यहां टारगेट

भाजपा आलाकमान ने नितिन नवीन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके इस पद पर पहुंचने के साथ ही बिहार की सियासत में यह माना जा रहा है

Nitin Naveen- फोटो : news4nation

Nitin Navin : भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के दरबार में मत्था टेका। गुरुद्वारा दरबार साहिब में दर्शन के दौरान उन्हें गुरु गोविंद सिंह जी महाराज से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरें और प्रदर्शित वस्तुएं भी दिखाई गईं। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।


इस मौके पर पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधायक नंदकिशोर यादव, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, पटना की मेयर सीता साहू और भाजपा नेता शिशिर कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। दिल्ली से लौटने के बाद नितिन नवीन का यह पहला गुरुद्वारा दर्शन बताया जा रहा है। इससे एक दिन पहले पटना में उनके सम्मान में मेगा रोड शो का आयोजन भी किया गया था।


गौरतलब है कि भाजपा आलाकमान ने नितिन नवीन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके इस पद पर पहुंचने के साथ ही बिहार की सियासत में यह माना जा रहा है कि भाजपा में किसी बिहार के नेता को अब तक की सबसे बड़ी संगठनात्मक कुर्सी मिली है। इससे राज्य की राजनीति में भाजपा की भूमिका और प्रभाव दोनों के और मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं।


नितिन नवीन का सियासी सफर लंबे समय से संगठन से जुड़ा रहा है। वे पार्टी संगठन और सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और जमीनी राजनीति से लेकर संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति को भाजपा नेतृत्व द्वारा बिहार को दिए गए विशेष महत्व के रूप में भी देखा जा रहा है। नितिन नवीन के लिए अलगे वर्ष पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के होने वाले विधानसभा चुनाव मुख्य चुनौती के रूप में हैं।

रजनीश की रिपोर्ट