Bihar News : BPSC 70 वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी, विवादों और कानूनी दांव-पेंच के बाद आयोग ने खत्म किया इंतजार

Bihar News :

PATNA : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने रिज़ल्ट की आधिकारिक घोषणा की। यह आयोग के इतिहास की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है। गौरतलब है कि 4 जनवरी 2025 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पटना के बापू परीक्षा परिसर में हंगामे के बाद उस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। बाद में आयोग ने केवल उसी केंद्र के अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई थी।

रिज़ल्ट जारी होने के बाद परीक्षा प्रक्रिया और परिणाम में हुई देरी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस परीक्षा को लेकर लंबे समय तक विवाद और आंदोलन का दौर चला था। प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर करीब तीन महीने तक प्रदर्शन किए गए। इस दौरान अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होने और बाहरी आंदोलनकारियों को शामिल किए जाने के आरोप भी लगे।

मामला न्यायालय तक पहुंचा और इसे लेकर पटना हाईकोर्ट में याचिकाएं तथा जनहित याचिका (PIL) भी दायर की गईं। हाईकोर्ट के फैसले के बाद कुछ पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, जहां से उन्हें राहत नहीं मिली।

अब अंतिम परिणाम जारी होने के साथ ही लंबे समय से चल रही इस भर्ती प्रक्रिया का समापन हो गया है। सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है, जबकि आयोग की ओर से आगे की नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाने की संभावना है।