Bihar News : बीएसपीटीसीएल ने एम्स-दीघा मार्ग पर 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन को किया चार्ज, पटना में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण होगी विद्युत आपूर्ति
बीएसपीटीसीएल ने 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन को चार्ज कर दिया है। एम्स–दीघा–पाटलिपथ मार्ग के पश्चिमी किनारे पर स्थापित अत्याधुनिक मोनोपोल संरचनाओं पर निर्मित की गई है.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) ने शनिवार को प्रबंध निदेशक राहुल कुमार की उपस्थिति में अपराह्न 13:44 बजे 132 केवी खगौल–दीघा डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन को सफलतापूर्वक चार्ज किया । यह आधुनिक ट्रांसमिशन लाइन एम्स–दीघा–पाटलिपथ मार्ग के पश्चिमी किनारे पर स्थापित अत्याधुनिक मोनोपोल संरचनाओं पर निर्मित की गई है। प्रबन्ध निदेशक राहुल कुमार की सतत निगरानी एवं अनुश्रवण में उपरोक्त ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य पूरा किया गया।
लगभग 17.624 किलोमीटर लंबी इस ट्रांसमिशन लाइन में पूर्व से विद्यमान 41 लैटिस टावरों के साथ 51 नवीन मोनोपोल संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इस लाइन में उच्च क्षमता वाले HTLS (High Temperature Low Sag) कंडक्टर का उपयोग किया गया है, जिससे लाइन की विद्युत वहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पूर्व में जिस खंड में पुरानी केबल लाइन की क्षमता 75×2 मेगावाट अर्थात कुल 150 मेगावाट थी, उसी खंड में अब HTLS कंडक्टर के माध्यम से क्षमता बढ़ाकर 160×2 मेगावाट अर्थात कुल 320 मेगावाट कर दी गई है ।
बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक राहुल कुमार ने कहा कि यह ट्रांसमिशन लाइन राजधानी विशेषकर पश्चिम पटना क्षेत्र के विद्युत भार को अत्यंत विश्वसनीय एवं सुदृढ़ तरीके से वहन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने परियोजना के त्वरित एवं सफल क्रियान्वयन हेतु क्षेत्रीय एवं मुख्यालय स्तर के अभियंताओं एवं कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रबंध निदेशक ने विशेष रूप से राइट ऑफ वे (ROW) संबंधी मुद्दों तथा अन्य तकनीकी चुनौतियों के सफल समाधान के लिए अभियंताओं की प्रशंसा की और इसे बीएसपीटीसीएल की तकनीकी दक्षता एवं समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि पश्चिम पटना क्षेत्र में विद्युतt आपूर्ति की विश्वसनीयता एवं गुणवत्ता में सुधार के साथ ही भविष्य में बढ़ती विद्युत मांग को सुचारु रूप से पूरा करने मदद मिलेगी ।