Patna News: पटना में बुलडोजर एक्शन, चला प्रशासन का सख्त अभियान,अवैध कब्जों का साम्राज्य ध्वस्त

Patna News: पटना प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर साफ संदेश दे दिया कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक सड़कों पर कब्जे की इजाजत अब किसी को नहीं मिलेगी।...

पटना में बुलडोजर एक्शन- फोटो : social Media

Patna News: पटना प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर साफ संदेश दे दिया कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक सड़कों पर कब्जे की इजाजत अब किसी को नहीं मिलेगी।  दानापुर छावनी परिषद क्षेत्र में सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर साफ संदेश दे दिया कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक सड़कों पर कब्जे की इजाजत अब किसी को नहीं मिलेगी। सदर बाजार के व्यस्त मुख्य मार्ग पर बुलडोजर की गरज के साथ शुरू हुए इस अभियान ने अवैध कब्जाधारियों के बीच हड़कंप मचा दिया। वर्षों से सड़क किनारे जमे अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण कुछ ही घंटों में मलबे में तब्दील हो गए।

छावनी प्रशासन की टीम ने दानापुर सदर बाजार से थाना मोड़ तक विशेष अभियान चलाया। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे बनी पक्की सीढ़ियां, झोपड़ियां, गुमटियां और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। दुकानों के आगे लगाए गए होर्डिंग बोर्ड, एस्बेस्टस शेड और सड़क की जमीन पर फैलाए गए कब्जों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान जब्त सामान को ट्रैक्टरों पर लादकर प्रशासनिक कब्जे में लिया गया।दरअसल, सदर बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर छावनी परिषद को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि सड़क का बड़ा हिस्सा कब्जे में होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती थी और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। हाल ही में एक एम्बुलेंस जाम में फंस गई थी, जिसमें मरीज को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। इस घटना ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी थी।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण हटाने से पहले कई बार माइकिंग कर लोगों को चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके अतिक्रमणकारियों ने कब्जा नहीं हटाया। इसके बाद मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सख्त कार्रवाई का फैसला लिया गया।

अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया। हालांकि इस बार किसी पर जुर्माना नहीं लगाया गया, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करते पाए जाने पर चालान के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।छावनी परिषद के अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल शुरुआत है। सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्ती के बाद सदर बाजार की सड़कें खुली और चौड़ी नजर आईं, जबकि अतिक्रमणकारियों के बीच प्रशासनिक कार्रवाई का खौफ साफ दिखाई दिया।

ब्यूरो रिपोर्ट