बांकीपुर में प्रशांत किशोर का सियासी धमाका! भाजपा के गढ़ में जन सुराज की सेंध, मध्यप्रदेश के दतिया में भी पीछे, गुजरात की मंजलपुर सीट पर बीजेपी की बढ़त, मतगणना अभी जारी
Bypoll Result:बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की एक-एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों की मतगणना भी जारी है। ...
Bypoll Result:बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की एक-एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों की मतगणना भी जारी है। गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा की बढ़त मजबूत बताई जा रही है, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपने पहले ही चुनाव में जोरदार प्रदर्शन करते हुए सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। मतगणना के दौरान वे लगातार भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर चल रही हैं।
मतगणना के दौरान विभिन्न राउंड के रुझानों में प्रशांत किशोर की बढ़त लगातार बनी रही। उपलब्ध रुझानों के अनुसार, 15वें राउंड तक वे करीब 8,202 मतों से आगे बताए जा रहे हैं। भाजपा के नीरज सिन्हा दूसरे स्थान पर हैं, जबकि राजद की रेखा गुप्ता मुकाबले में काफी पीछे चल रही हैं।
इस उपचुनाव को भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है, क्योंकि बांकीपुर लंबे समय से पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है। ऐसे में जन सुराज की बढ़त को बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।मतगणना के बीच मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने अपनी जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि "जीत तो हो चुकी है।" उन्होंने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी जन सुराज और प्रशांत किशोर को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि अंतिम परिणाम भी इन्हीं रुझानों के अनुरूप रहे, तो यह बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा। कुछ क्षेत्रों के मतदान रुझानों को लेकर भी चर्चाएं हैं कि भाजपा को अपने परंपरागत समर्थन वाले इलाकों में अपेक्षित बढ़त नहीं मिल सकी, जबकि अन्य क्षेत्रों की मतगणना का असर अंतिम परिणाम पर पड़ सकता है।