Bihar cabinet meeting: शपथ ग्रहण से पहले सीएम सम्राट चौधरी ने बुलाई आज शाम कैबिनेट की बैठक, होगी सौगातों की बरसात

Bihar cabinet meeting: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 7 मई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सियासी हलचल अपने शबाब पर है। इसी बीच आज सीएम ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है....

मंत्रियों के शपथ से पहले कैबिनेट की बैठक- फोटो : social Media

Bihar cabinet meeting: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 7 मई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सियासी हलचल अपने शबाब पर है। सरकार के गलियारों में सरगर्मियां तेज हैं और इस बड़े इवेंट में नरेंद्र मोदी की मौजूदगी की अटकलें इस पूरे मंजर को और भी अहम बना रही हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस सियासी जश्न से ठीक एक दिन पहले कैबिनेट की अहम बैठक बुलाकर साफ़ कर दिया है कि सरकार किसी बड़े ऐलान की तैयारी में है।आज यानी  6 मई की शाम पांच बजे मुख्य सचिवालय में होने वाली यह बैठक सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि फैसलों का केंद्र साबित हो सकती है। इसमें दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव समेत आला अफसरान मौजूद रहेंगे।

सूत्रों की मानें तो इस बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोज़गार जैसे अहम विषयों पर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। सियासी जानकार इसे प्री-शपथ मास्टरस्ट्रोक बता रहे हैं, जहां अवाम को बड़ी सौगात देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जिन्होंने 15 अप्रैल को सत्ता की कमान संभाली, अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं और लगातार फैसलों से अपनी सियासी पकड़ मज़बूत कर रहे हैं।

इससे पहले 29 अप्रैल की कैबिनेट बैठक में 63 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी, जिसने हुकूमत की मंशा को साफ़ कर दिया था। पटना के मशहूर संजय गांधी जैविक उद्यान का नाम बदलकर पटना जू करना हो या फिर पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर पदों का सृजन हर फैसले ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी थी।

अब 7 मई का दिन न सिर्फ मंत्रिमंडल विस्तार का गवाह बनेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि बिहार की सियासत किस नई दिशा में करवट लेती है। गांधी मैदान में सजने वाला यह सियासी मंच आने वाले दिनों की रणनीति और ताकत का बड़ा पैग़ाम देने वाला है।