Bihar News: 25 करोड़ छात्रों तक पहुंचेगा निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0, मुख्य चुनाव आयुक्त आज करेंगे शुभारंभ

Bihar News: सीईसी के बिहार दौरे का आज यानी सोमवार का दिन भी बेहद अहम रहने वाला है। आज पटना स्थित ज्ञान भवन में ‘निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0’ का शुभारंभ किया जाएगा। ...

निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0 का आज होगा शुभारंभ- फोटो : social Media

Bihar News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय बिहार दौरे पर रविवार को पटना पहुंचे। बिहार पहुंचते ही उन्होंने राज्य के मतदाताओं की जमकर तारीफ की और कहा कि बिहार ने लोकतंत्र के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। सीईसी के बिहार दौरे का आज यानी सोमवार का दिन भी बेहद अहम रहने वाला है। आज पटना स्थित ज्ञान भवन में ‘निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस नए पोर्टल के जरिए देशभर के करीब 15 लाख स्कूलों और 70 हजार उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके माध्यम से लगभग 25 करोड़ छात्र-छात्राओं तक चुनावी जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी पहुंचाने की योजना है।

उन्होंने दावा किया कि बिहार में मतदान प्रतिशत अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, स्पेन और जापान जैसे विकसित देशों से भी अधिक रहा है। सीईसी ने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताते हुए यहां की चुनावी भागीदारी को देश के लिए प्रेरणादायक करार दिया। अपने दौरे के दौरान ज्ञानेश कुमार ने वैशाली के ऐतिहासिक और बौद्ध कालीन स्थलों का भी भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का सफल प्रयोग बिहार से शुरू हुआ था और अब इसे पूरे देश में सफलतापूर्वक लागू किया गया है।

वहीं, ‘एक देश-एक चुनाव’ के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इसका अंतिम फैसला सरकार को लेना है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लेती है तो चुनाव आयोग इसके लिए पूरी तरह तैयार है। इसके लिए आयोग को मौजूदा व्यवस्था की तुलना में करीब 25 प्रतिशत अधिक संसाधनों की आवश्यकता होगी।

सोमवार को ज्ञानेश कुमार नालंदा विश्वविद्यालय में 500 बीएलओ के साथ संवाद भी करेंगे। इस दौरान चुनावी प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता और जमीनी स्तर पर निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।