पटना में रफ्तार का कहर,पिलर के टकराई बाइक ,4 घायल,तीन की हालत नाजुक

Patna Road Accident: पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित 90 फीट बाईपास पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला।...

Patna Crash Bike Hits Pillar While Dodging Elderly Man 4 Hur
पटना में रफ्तार का कहर- फोटो : social Media

Patna Road Accident: पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित 90 फीट बाईपास पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पिलर नंबर 19 के पास एक बाइक अचानक सामने आए बुजुर्ग को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर पिलर से जा टकराई। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों और एक बुजुर्ग समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, बाइक नंबर BR 01JB 2655 पर तीन युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि बाइक गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग अचानक बाइक के सामने आ गए। उन्हें बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, लेकिन बाइक बेकाबू हो गई और पिलर नंबर 19 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर बेसुध हो गए। हादसे की चपेट में आए बुजुर्ग भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में घायल अक्षय कुमार के पिता अशोक राम भी घटनास्थल पर पहुंचे। राजेंद्र नगर निवासी अशोक राम पटना नगर निगम में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह कूड़ा उठाने निकले थे। इसी दौरान हादसे की सूचना मिली और मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उनका 19 वर्षीय बेटा अक्षय भी दुर्घटना में घायल है। वह बेटे को इलाज के लिए फोर्ड अस्पताल लेकर पहुंचे।

अशोक राम के अनुसार अक्षय के साथ घायल एक अन्य युवक की पहचान बिपिन (25) के रूप में हुई है, जो राघोपुर दियारा का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं घायल युवकों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे पहले बाईपास स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर कर दिया।

दूसरी ओर, घायल बुजुर्ग को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पत्रकार नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और बाइक की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।घायलों के परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद वहां भी गम और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस घायलों की पूरी पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है।