निशांत के मंत्री पद की शपथ पर बख्तियारपुर में जश्न, क्षेत्र का नेतृत्व संभालने की उठी मांग
Bihar Politics : निशांत कुमार के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके पैतृक शहर बख्तियारपुर में उत्सव का माहौल है। बख्तियारपुर के लोगों का कहना है कि निशांत अपने पिता की तरह विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे....
Patna : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके पैतृक शहर बख्तियारपुर में उत्सव का माहौल है। बख्तियारपुर नगर परिषद के चेयरमैन पवन कुमार ने निशांत कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि निशांत अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास के रोडमैप को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
पैतृक आवास और गहरा भावनात्मक जुड़ाव
बख्तियारपुर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जन्मस्थली और उनका पैतृक आवास क्षेत्र है। यहां के लोगों का नीतीश कुमार और उनके परिवार से गहरा भावनात्मक लगाव रहा है। चेयरमैन पवन कुमार ने कहा कि बख्तियारपुर की गलियों से निकले नेतृत्व ने राज्य को नई दिशा दी है और अब निशांत कुमार के रूप में यहां की जनता को अपना नया अभिभावक मिल गया है, जो क्षेत्र की समस्याओं को करीब से समझते हैं।
नेतृत्व संभालने की उठी मांग
नगर परिषद चेयरमैन ने जोर देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि निशांत कुमार ही बख्तियारपुर का नेतृत्व (लीड) करें। स्थानीय लोगों का मानना है कि निशांत के युवा जोश और उनके पिता के लंबे राजनीतिक अनुभव के मेल से क्षेत्र में रुके हुए कार्यों को गति मिलेगी। चेयरमैन के इस बयान के बाद स्थानीय राजनीति में निशांत कुमार को बख्तियारपुर के भविष्य के मुख्य चेहरा के रूप में देखा जा रहा है।
विकास की निरंतरता पर भरोसा
निशांत कुमार द्वारा शपथ ग्रहण के बाद दिए गए बयानों का स्वागत करते हुए पवन कुमार ने कहा कि सिद्धांतों की राजनीति ही उनकी पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह नीतीश कुमार ने बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया, ठीक उसी तरह निशांत भी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नवाचार करेंगे। बख्तियारपुर की जनता को भरोसा है कि उनके 'मिट्टी के लाल' अब शासन में सीधे तौर पर उनकी आवाज बनेंगे।
कार्यकर्ताओं और जनता में भारी उत्साह
निशांत कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल होने की खबर के बाद से ही बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति का शपथ ग्रहण नहीं है, बल्कि बख्तियारपुर के सम्मान की जीत है। चेयरमैन पवन कुमार ने प्रशासन और सरकार से यह भी उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बख्तियारपुर को आदर्श नगर परिषद बनाने के लिए विशेष योजनाओं पर काम किया जाएगा, जिसमें निशांत कुमार की भूमिका अहम होगी।
रविशंकर कुमार की रिपोर्ट