Bihar Special Train: छठ-दिवाली पर प्रवासी यात्रियों को बड़ी राहत, 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे

Bihar Special Train: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों के लिए बड़ा फैसला लिया है।...

छठ-दिवाली पर यात्रियों को बड़ी राहत- फोटो : social Media

Bihar Special Train: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। इन ट्रेनों के फेरे बढ़ने से पटना, पूर्णिया, देवघर, रक्सौल, नरकटियागंज और इसलामपुर समेत कई शहरों के यात्रियों को पर्व के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे के मुताबिक विस्तारित अवधि में सभी स्पेशल ट्रेनें पहले से निर्धारित मार्ग, ठहराव, समय-सारणी और कोच संयोजन के अनुसार ही संचालित होंगी। त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की तादाद बढ़ने के मद्देनजर रेलवे ने यह कदम उठाया है। इससे नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट के 32 फेरे बढ़े

03216/03215 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल के परिचालन में 32 फेरे का विस्तार किया गया है। 03216 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर तक बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी। वापसी में 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल 19 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक गुरुवार और रविवार को छोड़कर पांच दिन संचालित होगी।यह ट्रेन हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, मानसी, सहरसा, दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते चलेगी।

पटना-इसलामपुर स्पेशल के 26 फेरे बढ़े

03297/03298 पटना-इसलामपुर-पटना स्पेशल के परिचालन में 26 फेरे का विस्तार किया गया है। 03297 पटना-इसलामपुर स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी। वापसी में 03298 इसलामपुर-पटना स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को संचालित होगी। यह ट्रेन फतुहा के रास्ते चलेगी।

राघोपुर-देवघर स्पेशल अब रोजाना

05573/05574 राघोपुर-देवघर-राघोपुर स्पेशल के परिचालन में सबसे अधिक 61 फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन राघोपुर और देवघर के बीच चलेगी।इसका रूट सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, सबदलपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका रहेगा। इससे कोसी, सीमांचल और भागलपुर क्षेत्र के यात्रियों को देवघर आने-जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

रक्सौल-नरकटियागंज के 18 अतिरिक्त फेरे

05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल के परिचालन में भी 18 फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को चलेगी। ट्रेन का परिचालन सिकटा के रास्ते किया जाएगा।रेलवे के इस फैसले से दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प मिलेगा। खासकर बिहार लौटने वाले प्रवासियों और पर्व के बाद वापस जाने वाले यात्रियों के लिए बढ़े हुए फेरे अहम साबित होंगे। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख, समय और उपलब्धता की ताजा जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांच लेने की सलाह दी गई है।