Bihar MLC Election : अनंत सिंह को सबक सिखाएंगे चिराग पासवान ! नीरज कुमार को जिताने के लिए लोजपा का खास प्लान

नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच मचे सियासी घमासान के बीच लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने बताया कि विधान परिषद चुनाव को लेकर पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करना है.

Bihar MLC Election- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट को लेकर सियासी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के अनुज कुमार को मोकामा विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिलने के बाद एनडीए ने अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। नीरज कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए अब चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी सक्रिय हो गई है। 


पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने अपने सांसदों और विधायकों को एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने और समर्थन जुटाने का निर्देश दिया है। इसी कड़ी में जमुई के सांसद अरुण भारती नीरज कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे।


निशांत कुमार के साथ मैदान में उतरेंगे अरुण भारती

लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने बताया कि विधान परिषद चुनाव को लेकर पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने का निर्देश दिया गया है। इसी अभियान के तहत सांसद अरुण भारती जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में जनसंपर्क करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 अक्टूबर को अरुण भारती, निशांत कुमार के साथ नालंदा और नवादा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। इसके बाद 15 अक्टूबर को बाढ़ और पटना में भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों के जरिए एनडीए के पक्ष में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और मतदाताओं तक गठबंधन का संदेश पहुंचाने की तैयारी है।


अनंत सिंह के समर्थन से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज कुमार के बीच मुकाबले ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। अनुज कुमार को अनंत सिंह का समर्थन मिलने के बाद इस चुनाव में स्थानीय राजनीतिक समीकरणों की भूमिका पर चर्चा तेज हुई है। ऐसे में एनडीए के घटक दलों का साझा प्रचार अभियान नीरज कुमार के पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।


चिराग पासवान की पार्टी के नेताओं को सक्रिय करने का निर्देश भी इसी व्यापक चुनावी रणनीति का हिस्सा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि एनडीए का संयुक्त प्रचार अभियान पटना स्नातक सीट पर मतदाताओं को कितना प्रभावित कर पाता है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव सहित कुल 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को चुनाव होना है, वहीं 27 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।

नरोत्तम की रिपोर्ट