पटना विश्वविद्यालय के मिंटो हॉस्टल में CISF जवान की पिटाई और लूट, दो पूर्व छात्र गिरफ्तार

मिंटो हॉस्टल में CISF जवान की पिटाई और लूट मामले में दो पूर्व छात्र गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के प्रतिष्ठित पटना विश्वविद्यालय स्थित मिंटो छात्रावास में एक CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) जवान को बंधक बनाकर मारपीट करने और लाखों रुपये लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिंटो हॉस्टल के दो पूर्ववर्ती छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।


15 अगस्त को दिया था घटना को अंजामदो दिनों तक बनाया बंधक 

टाउन DSP 1 राजेश रंजन के अनुसार, यह दर्दनाक वारदात 15 अगस्त की है। आरोपियों ने पीड़ित जवान को झांसे या जबरन उठाकर हॉस्टल के एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद 16 और 17 अगस्त तक जवान को मिंटो हॉस्टल में ही बंधक बनाकर रखा गया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।


ढाई से तीन लाख की लूटकृष्णा घाट के पास फेंका 

बंधक बनाने के दौरान आरोपियों ने जवान से ढाई से तीन लाख रुपये की लूट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को अशोक राजपथ स्थित कृष्णा घाट के समीप लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद डायल 112 की मदद से पीड़ित जवान को पीरबहोर थाने लाया गया, जहां मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।


पूर्ववर्ती छात्र हर्ष और विकास गिरफ्तारसामान बरामद 

पुलिस ने मिली सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मिंटो हॉस्टल के दो पूर्ववर्ती छात्रों—हर्ष उर्फ धीरज और विकास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से पीड़ित जवान का मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड और ₹50,000 नगद बरामद किए हैं।


अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 

पीरबहोर थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह की घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट