वंदे भारत पर असामाजिक तत्वों का हमला: दानापुर क्षेत्र में पथराव, यात्रियों में दहशत,RPF ने दर्ज की अज्ञात पर प्राथमिकी
पटना से गोमतीनगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर बिहटा के पास पथराव। C6 कोच की खिड़की का शीशा टूटा, यात्रियों में मचा हड़कंप। RPF ने दर्ज की अज्ञात पर प्राथमिकी, आरपीएफ जांच में जुटी।
पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत बिहटा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार अहले सुबह तक़रीबन 6 बजकर 40 मिनट पर पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस पर असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन के गुजरने के दौरान अचानक हुए पथराव से तेज आवाज हुई, जिससे बोगी के अंदर अफरा-तफरी मच गई। पथराव के कारण C6 कोच की खिड़की का शीशा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप और खौफ का माहौल कायम हो गया।
जोरदार आवाज से सहमे यात्री, C6 कोच की खिड़की क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, ट्रेन अपनी सामान्य गति से बिहटा स्टेशन से गुजर रही थी कि तभी किसी ठोस वस्तु या पत्थर के खिड़की से टकराने की तेज आवाज आई। C6 बोगी में बैठे यात्री अचानक हुए इस हमले से सहम गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

रेलवे सुरक्षा बल ने लिया संज्ञान, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मध्य रेल दानापुर के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह पवार ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि ट्रेन में तैनात एस्कॉर्ट पार्टी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों और आसपास के स्टेशन अधिकारियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
रेलवे प्रशासन की ओर से इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रेल अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस और आरपीएफ की टीम आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।