सिटी एसपी (मध्य) ने किया बुद्धाकॉलोनी थाने का निरीक्षण, रात्रि गश्ती और वाहन जांच को और प्रभावी बनाने पर दीं बल

सिटी एसपी (मध्य) ने किया बुद्धाकॉलोनी थाने का निरीक्षण- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : पटना की नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी ने बुद्धाकॉलोनी थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस रूम, CCTNS प्रणाली और सिरिस्ता कार्यों का बारीक अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने थाने में लंबित विभिन्न कांडों के अनुसंधान की अद्यतन स्थिति की समीक्षा भी की।


वैज्ञानिक अनुसंधान और तय समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश 

सिटी एसपी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी मामलों का अनुसंधान वैज्ञानिक पद्धति (Scientific Investigation) से किया जाए। उन्होंने अनुसंधान को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने, कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया।


कानून-व्यवस्था और जनसेवा के उच्च मानकों का पालन 

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, जनसेवा के प्रति संवेदनशील रहने और कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा हो।


रात्रि गश्ती और वाहन जांच को और प्रभावी बनाने पर बल 

क्षेत्र में अपराध की रोकथाम और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्ती और वाहन चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावशाली व तीव्र बनाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।


रंजीत की रिपोर्ट