सीएम नीतीश का सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने पर बड़ा निर्देश, जुलाई 2026 तक पढ़ाई का डेडलाइन जारी

सीएम नीतीश ने कहा कि हमलोगों ने प्रथम चरण में ऐसे सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने तथा जुलाई 2026 तक पढ़ाई शुरू करने का निर्देश दिया है।

Degree colleges in all blocks of Bihar - फोटो : news4nation

Nitish Kumar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य‘ के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया है ताकि छात्रों विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा हो। अभी भी राज्य के सभी 534 प्रखण्डों में से 213 प्रखण्डों में कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं हैं। इस क्रम में हमलोगों ने प्रथम चरण में ऐसे सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने तथा जुलाई 2026 तक पढ़ाई शुरू करने का निर्देश दिया है।


राज्य के पुराने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके तहत कुल 55 शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है। इन प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के उन्नयन के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा रही है। इन संस्थानों के पुराने अनुभवी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से विमर्श एवं उनका सुझाव प्राप्त कर आगे की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है। 


राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना से उच्च शिक्षा ग्रहण में लड़कियों को काफी सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विकसित किए जाने से युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा पाने में सहूलियत मिलेगी तथा इन संस्थानों का गौरव भी पुनर्स्थापित होगा। इससे राज्य के चहुंमुखी विकास में काफी सहयोग मिलेगा।