Bihar News: सुरक्षा घेरे में सीएम सम्राट का पैतृक आवास, 24 घंटे पुलिस की नजर, जान से मारने की मिली थी धमकी
Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पैतृक आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 24 घंटे के आवास के बाहर पुलिस की तैनाती रहेगी। सीएम को बीते दिन जान से मारने की धमकी भी मिली थी।
Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सीएम पद संभालने के कुछ धंटे बाद ही जान से मारने की धमकी मिली। जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के पैतृक आवास की सुरक्षा को चाक-चौबंद कर दिया है। अब उनके पैतृक घर को एक 'अभय किले' में तब्दील कर दिया गया है, जहाँ परिंदा भी पर नहीं मार सकता। 24 घंटे पैतृक आवास के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। जहां बिना इजाजत का कोई नहीं जा सकेगा।
सम्राट चौधरी के पैतृक घर की सुरक्षा बढ़ी
दरअसल, बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पदभार संभालने के बाद उनके पैतृक गांव मुंगेर के लखनपुर में स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने एहतियातन यहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक पुलिस अधिकारी के साथ पांच जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जो अलग-अलग शिफ्ट में सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे हैं।
घर में बाहरी के प्रवेश पर लगी रोक
सुरक्षा कारणों से बाहरी लोगों और मीडिया के घर के अंदर प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। केवल परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदारों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने 15 अप्रैल को तारापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके तुरंत बाद स्थानीय स्तर पर उनके पैतृक आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि इस संबंध में पटना मुख्यालय से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
एहतियात के तौर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
तारापुर के डीएसपी संकेत कुमार के अनुसार, यह सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह एहतियात के तौर पर की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से यदि कोई अतिरिक्त निर्देश मिलता है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री को धमकी देने के मामले में बांका जिले के एक युवक शेखर यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बाद में उसे अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री के पैतृक घर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।