पटना में अक्षरा सिंह के भव्य छठ कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम सम्राट चौधरी, छठ गीतों से सजा सांस्कृतिक मंच

पटना के कंकड़बाग स्थित रेनबो मैदान में भोजपुरी अभिनेत्री व गायिका अक्षरा सिंह द्वारा आयोजित छठ सांस्कृतिक कार्यक्रम मे सीएम सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस सांस्कृतिक संध्या में रितिका राज सिंह और प्रिया मल्लिक समेत कई कलाकारों ने पारंपरिक छठ गीतों ...

अक्षरा सिंह के छठ कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम सम्राट - फोटो : Reporter

Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार शाम पटना के कंकड़बाग स्थित रेनबो मैदान में भोजपुरी अभिनेत्री व गायिका अक्षरा सिंह द्वारा आयोजित छठ सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उनके साथ सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि अक्षरा सिंह पटना में ही छठ महापर्व मनाती हैं और लगातार तीसरे वर्ष यह कठिन व्रत रख रही हैं, जिसके तहत उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व लालू यादव सहित कई नेताओं को इस समारोह में आमंत्रित किया था।


छठ गीतों से सजा सांस्कृतिक मंच, सीएम ने की सराहना

छठ महापर्व के तीसरे दिन आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में रितिका राज सिंह, सुगम सिंह और प्रिया मल्लिक समेत कई कलाकारों ने पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अक्षरा सिंह द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक समारोह में आकर भक्तिमय और छठमय वातावरण की सुखद अनुभूति हुई।


छठी मैया की कृपा से हुआ भव्य आयोजन, ग्लोबल हुआ पर्व: अक्षरा सिंह

कार्यक्रम का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए अक्षरा सिंह ने कहा कि वे स्वयं लगातार तीसरे साल छठ व्रत कर रही हैं और छठी मैया की कृपा से ही इतना भव्य आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि बिहार की बेटी अपने ही शहर पटना में इस स्तर का आयोजन कर पाएगी। अक्षरा ने आगे कहा कि आज दुनिया भर के लोग छठ महापर्व की महिमा को जान रहे हैं और यह पर्व अब ग्लोबल पहचान बना चुका है।


दीघा घाट पर दिया पहला अर्घ्य, पारंपरिक तरीके से बना रही हैं प्रसाद

सांस्कृतिक कार्यक्रम से पहले रविवार शाम अक्षरा सिंह ने पटना के दीघा घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सोमवार सुबह वे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने व्रत का पारण करेंगी। वे पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाज से छठ पूजा कर रही हैं और पटना स्थित अपने आवास पर मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद भी तैयार किया है।


खरना का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे विधायक अनंत सिंह

अक्षरा सिंह के आवास पर छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह और चहल-पहल बनी हुई है। इससे पहले शनिवार को खरना के अवसर पर मोकामा विधायक अनंत सिंह भी उनके पटना स्थित आवास पर पहुंचे थे और पारंपरिक खरना का प्रसाद ग्रहण किया था।