Bihar Vidhansabha Session : सदन पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, एनडीए नेताओं ने किया जबरदस्त स्वागत, हासिल करेंगे विश्वास मत
Bihar Vidhansabha Session : सीएम सम्राट चौधरी सदन की कार्यवाही के लिए सदन पहुंच गए हैं। जहां एनडीए नेताओं ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। विधानसभा के बाहर सभी नेता मौजूद थे।
Bihar Vidhansabha Session : बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी बिहार विधानसभा पहुंच गए हैं। आज सम्राट सरकार सदन में अपना बहुमत पेश करेगी। विधानसभा में विश्वास मत से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पहुंचते ही सियासी माहौल गर्म हो गया। विधानसभा परिसर में एनडीए के विधायक उनके स्वागत के लिए पहले से ही खड़े नजर आए।
हाथों में गुलदस्ते और फूल लिए विधायकों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल दिखा और समर्थन का शक्ति प्रदर्शन भी नजर आया। वहीं एनडीए के नेताओं ने भी विधानसभा परिसर में दावा किया कि उन्हें बहुमत प्राप्त है और वो आसानी से फ्लोर टेस्ट में पास हो जाएंगे।
दरअसल, बिहार की सियासत आज एक अहम मोड़ पर खड़ी है, जहां हुकूमत और मुख़ालफत के बीच असली ताकत का इम्तिहान होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में बनी एनडीए सरकार आज 24 अप्रैल को विधानसभा में अपना वोट ऑफ कॉन्फिडेंस पेश करेगी। इस सिलसिले में एक दिन का ख़ास सत्र बुलाया गया है, जिसकी कार्रवाई सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
बता दें कि एनडीए के पास फिलहाल 201 विधायकों का मजबूत समर्थन है, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर), हम और आरएलएम शामिल हैं। ऐसे में सरकार के लिए बहुमत हासिल करना महज एक औपचारिकता माना जा रहा है। लेकिन सियासत में कुछ भी मुमकिन है यही वजह है कि विपक्ष भी पूरी तरह चौकन्ना है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव इस मौके को सरकार को घेरने के लिए अहम मान रहे हैं। उनके तेवर पहले से ही तल्ख़ हैं और उम्मीद की जा रही है कि वे सदन में सरकार की नीतियों और गठबंधन की मजबूती पर तीखे सवाल दागेंगे।
दरअसल, 14 अप्रैल को नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब वे कैबिनेट विस्तार से पहले सदन का भरोसा जीतना चाहते हैं, ताकि सियासी तौर पर अपनी पकड़ और मज़बूत कर सकें। हालांकि, विपक्ष के खेमे में हलचल भी कम नहीं है। राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग ने पहले ही विपक्ष की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव को सेंधमारी’का डर सता रहा है।
पटना से वंदना की रिपोर्ट