Bihar News : पटना स्थित IGIMS पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मंत्री वशिष्ठ नारायण सिंह और विधानसभा उपाध्यक्ष का जाना हालचाल

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने IGIMS जाकर जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह, बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव तथा चनपटिया के विधायक अभिषेक रंजन के नवजात पुत्र की तबीयत का हाल चाल जाना....पढ़िए आगे

जदयू नेता से मुलाकात - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुविज्ञान संस्थान (IGIMS) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाजरत पूर्व मंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह तथा बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों वरिष्ठ नेताओं की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसी क्रम में चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिषेक रंजन के नवजात पुत्र के स्वास्थ्य का भी हालचाल जाना। नवजात शिशु की तबीयत बिगड़ने पर उसे IGIMS में भर्ती कराया गया था, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहाँ मौजूद वरिष्ठ चिकित्सकों और चिकित्सा अधिकारियों से विस्तृत बातचीत की। उन्होंने तीनों मरीजों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और उनके इलाज के लिए अपनाई जा रही चिकित्सीय प्रक्रियाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो सके।

इस उच्चस्तरीय दौरे के दौरान IGIMS के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार और मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. मनीष कुमार मंडल सहित संस्थान के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि सभी मरीजों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और उन्हें सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा देखभाल प्रदान की जा रही है।