Chitragupta Puja 2026 : चित्रगुप्त पूजा पर सीएम सम्राट चौधरी ने गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में की पूजा-अर्चना, राज्य में की सुख-शांति और समृद्धि की कामना

Chitragupta Puja 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी जाकर भगवान चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना की एवं राज्य के विकास, सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की।

सुख शांति की कामना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चित्रगुप्त पूजा के पावन अवसर पर गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी पहुंचकर भगवान चित्रगुप्त जी महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश के विकास, सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। इसके साथ ही, ठाकुरबाड़ी चित्रगुप्त पूजा समिति, गर्दनीबाग द्वारा आयोजित सामाजिक समरसता सहभोज कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने शिरकत की और लोगों को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया।

अपनी राजधानी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने गर्दनीबाग के अलावा कंकड़बाग के अशोकनगर स्थित प्रेम त्रिलोकी सामुदायिक भवन तथा अनीसाबाद के साकेत विहार में भी श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। चित्रगुप्त पूजा के इस खास मौके पर उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दीं।

विभिन्न पूजा समितियों की ओर से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया, जहाँ उन्हें अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन में कई दिग्गज नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्य रूप से सांसद रविशंकर प्रसाद, बिहार विधान परिषद् के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, विधान पार्षद संजय मयूख और बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष सह गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति के अध्यक्ष रणवीर नंदन उपस्थित रहे। इनके अलावा गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी, अशोक नगर एवं अनीसाबाद पूजा समितियों के तमाम सदस्यगण तथा अन्य कई गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए मौजूद थे।