सीएम सम्राट का बड़ा बयान : जाति-धर्म की राजनीति नही, विकास प्राथमिकता

Bihar Politics : प्रदेश की सियासत में अक्सर हावी रहने वाले जातीय समीकरणों पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेहद बेबाक राय रखी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उन्हें जाति-धर्म की नहीं विकास की राजनीति करनी है। वहीं अपराधियों को भी कड़ी चेतावनी दी है....

Patna : राजधानी पटना के बिहार विधान परिषद् उपसभागार में प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और अदम्य साहस के प्रतीक स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर जी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सावरकर जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके महान जीवन और राष्ट्र के प्रति किए गए कार्यों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस राजकीय समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


सुशासन से कोई समझौता नहीं, अपराधियों को 48 घंटे के अंदर मिलेगा जवाब 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूबे की कानून-व्यवस्था और सुशासन को लेकर अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि बिहार में हर हाल में सुशासन स्थापित रखा जाएगा और जो भी व्यक्ति अपराध का रास्ता चुनेगा, उसे राज्य की पुलिस 48 घंटे के अंदर करारा जवाब देने का काम करेगी। उन्होंने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचारी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे और वे सीधे जेल के अंदर जाएंगे। इसके साथ ही, उन्होंने अवैध कमाई करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग गलत तरीके से अचानक अमीर बनना चाहते हैं, उनके घर पर सरकारी एजेंसियों का छापा पड़ना तय है।


जाति-धर्म नही विकास को बताया प्राथमिकता

सूबे की सियासत में अक्सर हावी रहने वाले जातीय समीकरणों पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेहद बेबाक राय रखी। उन्होंने विरोधी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "हमारे लिए किसी जाति या धर्म का कोई विशेष मतलब नहीं है, जो लोग हर बात में इसकी चर्चा करते हैं, उन्हें करते रहने दीजिए।" सीएम ने नसीहत भरे लहजे में कहा कि सत्ता में शीर्ष पदों पर बैठकर केवल अपनी जाति से चिपके रहना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का एकमात्र लक्ष्य और प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ बिहार के विकास की बात करना और उस पर धरातल पर काम करना है।


'वीर सावरकर की जीवनी' पुस्तक का किया गरिमामयी लोकार्पण

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सावरकर जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 'वीर सावरकर की जीवनी' नामक पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम की तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि राष्ट्र के प्रति वीर सावरकर जी का समर्पण, अद्वितीय त्याग और कड़ा संघर्ष हम सभी को हमेशा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने की सच्ची प्रेरणा देता है। उनकी जीवनी आज की युवा पीढ़ी को देश सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।


समारोह के समापन के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए मुख्यमंत्री

पटना के विधान परिषद् उपसभागार में आयोजित इस गरिमामयी जयंती समारोह और पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने के ठीक बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के मुताबिक, अपने इस दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इस बैठक में बिहार के विकास से जुड़ी विभिन्न लंबित योजनाओं और राज्य के वर्तमान राजनीतिक हालातों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।