Bihar News : गया में 45 लाख की लूट को लेकर कारोबारियों का फूटा गुस्सा, बाज़ार बंद कर जताया विरोध, इलाके में भारी पुलिस बल की हुई तैनाती

Bihar News : बुधवार को गयाजी के गुरुआ बाजार में आभूषण दुकानदार को गोली मार कर 40 लाख के गहने और 5 लाख रुपए नगद लूट कर बदमाश फरार हो गए. घटना के विरोध में कारोबारियों ने अपनी दुकाने बंद रखी.....पढ़िए आगे

Bihar News : गया में 45 लाख की लूट को लेकर कारोबारियों का फू
लूट के विरोध में बाज़ार बंद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले के गुरुआ बाजार में बुधवार की देर शाम अपराधियों ने कानून व्यवस्था को धता बताते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, आभूषण व्यवसायी प्रभाकर बरनवाल बुधवार की देर शाम अपनी दुकान बंद कर करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 5 लाख रुपये नगद (कुल 45 लाख रुपये) लेकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दुकान के बाहर पहले से घात लगाए बाइक सवार चार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए उन पर धावा बोल दिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर रुपयों और गहनों से भरा बैग लूट लिया। जब व्यवसायी ने इसका विरोध किया, तो बेखौफ अपराधियों ने उनके पैर में गोली मार दी और जख्मी कर मौके से फरार हो गए।

विरोध में गुरुआ बाजार पूरी तरह ठप, व्यवसायियों में आक्रोश

इस दुस्साहसिक वारदात के विरोध में गुरुवार को गुरुआ बाजार के तमाम व्यवसायियों और स्थानीय दुकानदारों में भारी आक्रोश देखने को मिला। अपराधियों की गिरफ्तारी और पुलिसिया सुस्ती के खिलाफ गुरुआ के सभी व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें स्वतःस्फूर्त रूप से पूरी तरह बंद रखीं। बाजार बंद रहने के कारण स्थानीय जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा और चारों तरफ सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।

24 घंटे में 'एनकाउंटर' और रिकवरी की मांग

आंदोलन कर रहे गुरुआ के व्यवसायियों ने साफ तौर पर कहा कि यह पूरी तरह से स्थानीय पुलिस की विफलता है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने खुलेआम बाजार के बीच इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। आक्रोशित व्यापारियों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान करे और 24 घंटे के भीतर उनका 'एनकाउंटर' कर लूटी गई पूरी रकम और गहने बरामद करे।

प्रशासन को अल्टीमेटम: 'मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे उग्र आंदोलन'

व्यापारियों ने जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस को स्पष्ट चेतावनी (अल्टीमेटम) दी है कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर इस कांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी नहीं होती है, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर चक्का जाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की जाएगी। व्यवसायियों के इस कड़े रुख के बाद प्रशासनिक अमले में भी खलबली मची हुई है।

गुरुआ बाजार में भारी पुलिस बल की तैनाती, जांच शुरू

इस बड़ी वारदात और व्यापारियों के भारी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुआ बाजार में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस की कई टीमें अपराधियों के भागने के रूट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हैं। स्थानीय थाना पुलिस का कहना है कि संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

मनोज की रिपोर्ट