Bihar News: बिहार के 6 बड़े गैंगस्टर को ढूंढ रही सीएम योगी की पुलिस, सरकार ने घोषित किया 50-50 हजार का इनाम, क्या होगा एनकाउंटर?

Bihar News: इन सभी अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और इसके लिए बिहार पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। जिन छह इनामी अपराधियों का संबंध बिहार से है, वे कैमूर, गया, औरंगाबाद, मोतिहारी और रोहतास जिलों के निवासी हैं।

50-50 हजार का इनाम घोषित- फोटो : social media

Bihar News: बिहार के 6 गैंगस्टर पर सीएम योगी की पुलिस की नजर है। यूपी पुलिस ने इन कुख्यातों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया है। जानकारी अनुसार वाराणसी पुलिस ने गो-तस्करी और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में वांछित 54 अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन आरोपियों में छह अपराधी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

कुख्यातों की तलाश में यूपी पुलिस 

पुलिस के अनुसार, इन सभी अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और इसके लिए बिहार पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। जिन छह इनामी अपराधियों का संबंध बिहार से है, वे कैमूर, गया, औरंगाबाद, मोतिहारी और रोहतास जिलों के निवासी हैं। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के चंदौली और गाजीपुर में दर्ज मामलों में वांछित बताए गए हैं।

एक साल से फरार अधिकांश आरोपी

जारी सूची के मुताबिक, 54 में से 50 अपराधी चंदौली जिले से करीब एक वर्ष से फरार हैं, जबकि गाजीपुर से जुड़े चार आरोपियों की तलाश पिछले छह माह से की जा रही है। लगातार छापेमारी के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने अब इनकी सूचना देने वाले को इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन राज्यों के निवासी ये अपराधी हैं, वहां की पुलिस को भी सूची भेजी गई है। कई आरोपियों के बारे में ठोस सुराग मिलने की बात भी सामने आई है और जल्द ही उन्हें पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

देशभर के कई राज्यों से जुड़े आरोपी

सूची में शामिल अन्य अपराधी मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा और अन्य राज्यों के भी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए समन्वय के साथ कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।