Bihar News:रोहतास में संदिग्ध मौतों से सनसनी, शराब कनेक्शन या कुछ और? जिला प्रशासन ने शुरु की जांच

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई कई मौतों ने इलाके में खलबली मचा दी है। गांव में दबी जुबान से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं कोई इसे जहरीली शराब से जोड़ रहा है तो कोई अन्य वजह बता रहा है। फिलहाल आधिकारिक तौर पर किसी भी कारण की पुष्टि नहीं हुई है।...

Rohtas Suspicious Deaths Rock  Liquor Link
रोहतास में संदिग्ध मौतों से सनसनी- फोटो : reporter

Bihar News: रोहतास जिला के बिक्रमगंज अनुमंडल अंतर्गत मठिया गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई कई मौतों ने इलाके में खलबली मचा दी है। गांव में दबी जुबान से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं कोई इसे जहरीली शराब से जोड़ रहा है तो कोई अन्य वजह बता रहा है। फिलहाल आधिकारिक तौर पर किसी भी कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जाता है कि 14 फरवरी को पूजन सिंह के पुत्र का तिलक समारोह था। समारोह के अगले ही दिन उनके दूसरे पुत्र लल्लू सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और 16 फरवरी को उसकी मौत हो गई। इसी बीच खबर है कि नासरीगंज से आए पूजन सिंह के दो रिश्तेदारों की भी तीन दिनों के भीतर मौत हो गई। इन मौतों के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

सोशल मीडिया पर मामले की चर्चा तेज होते ही उत्पाद विभाग के आयुक्त और जिला प्रशासन की टीम बिक्रमगंज के मठिया गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ की। प्रारंभिक बातचीत में कुत्ता काटने से मौत की बात सामने आई है, लेकिन इसकी भी जांच कराई जा रही है।

इधर यह भी चर्चा है कि तिलक समारोह से लौटने के बाद अकोढ़ीगोला के दो रसोइयों की भी संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है। हालांकि इन दावों की भी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजन फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

गांव में गाहे-बगाहे लोग इन मौतों को शराब से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने अभी तक किसी भी एंगल की पुष्टि नहीं की है। उत्पाद विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम की तहकीकात में जुटी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या यह महज संयोग है या किसी संगठित लापरवाही का नतीजा? सच क्या है, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल मठिया गांव में सन्नाटा और सस्पेंस दोनों कायम हैं।

रिपोर्ट- रंजन कुमार