Bihar News : बिहार में 3268 राजस्व कर्मचारियों का किया गया कंप्यूटराइज ट्रांसफर, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बटन दबाकर किया फाइनल

Bihar News : राज्य के 3 268 राजस्व कर्मचारियों का रैण्डमाइज्ड कंप्यूटर सिस्टम के जरिए स्थानांतरण किया गया। इसका विधिवत अनुमोदन मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कंप्यूटर का बटन क्लिक करके किया....पढ़िए आगे

नई व्यवस्था से ट्रांसफर - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कंप्यूटरकृत प्रणाली का प्रयोग कर पारदर्शी तरीके से स्थानांतरण किया है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से 3 हजार 268 राजस्व कर्मचारियों का रैण्डमाइज्ड कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से स्थानांतरण किया गया। इस स्थानांतरण प्रक्रिया का अनुमोदन विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कंप्यूटर का बटन क्लिक करके किया। इस मौके पर मंत्री डॉ जायसवाल ने कहा कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और रैण्डमाइज्ड कंप्यूटरीकृत प्रणाली के आधार पर संपन्न हुई, जिससे स्थानांतरण में मानवीय हस्तक्षेप की संभावना समाप्त हो गई और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनी रही।

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया में सरकार के स्तर से निर्धारित सभी प्राथमिकताओं का पूरी तरह पालन किया गया। सबसे पहले दूरी के आधार पर, उसके बाद महिला कर्मचारियों, पति-पत्नी (स्पाउस ग्राउंड), गंभीर बीमारी, दिव्यांगता तथा पुनः दूरी के आधार पर प्राप्त मामलों का निष्पादन किया गया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील परिस्थितियों में कार्यरत कर्मचारियों की जरूरतों को प्राथमिकता देना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित इस नई व्यवस्था से स्थानांतरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनी है तथा भविष्य में भी विभाग इसी प्रणाली के माध्यम से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करेगा।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने बताया कि स्थानांतरित कर्मचारियों में 3 हजार 142 पुरुष और 126 महिला कर्मचारी शामिल हैं। इनमें 1 हजार 712 पुरुष एवं 108 महिला कर्मचारिएं, यानी कुल 1 हजार 820 कर्मचारियों को उनकी प्रथम वरीयता (फर्स्ट चॉइस) के अनुसार पदस्थापन दिया गया है। द्वितीय वरीयता (सेकंड चॉइस) से 380, तृतीय वरीयता (थर्ड चॉइस) 141 यानी कुल 2341 राजस्व कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके चॉइस के हिसाब से की गई है। 880 राजस्व कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके गृह जिला के बगल में की गई है। 

उन्होंने कहा कि बिहारभूमि पोर्टल पर राजस्व कर्मचारियों के स्थानांतरण के लिए पोर्टल लाइव करके उनसे आवेदन लिया गया था। उन्हीं के ऑनलाइन आवेदन के आधार पर स्थानांतरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया है। इसी प्रक्रिया से शीघ्र ही अमीन का स्थानांतरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर अपर सचिव आजीव वत्सराज, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश, आईटी मैनेजर आनंद शंकर सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।