Bihar News : महाबोधि मंदिर के बाहर तिब्बती महिलाओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन, भारत सरकार से की अधिक सक्रिय भूमिका की मांग

Bihar News : विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर मंगलवार को तिब्बती समुदाय की महिलाओं ने एकजुट होकर एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

Bihar News : महाबोधि मंदिर के बाहर तिब्बती महिलाओं ने शांतिप
शांतिपूर्ण प्रदर्शन - फोटो : MANOJ

GAYAJI : विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर के बाहर मंगलवार को तिब्बती समुदाय की महिलाओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर तिब्बत के मुद्दे को फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा में लाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने तिब्बत में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन का मुद्दा उठाते हुए भारत सरकार से अधिक सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाने की अपील की।

महाबोधि मंदिर के बाहर जुटा तिब्बती समुदाय

बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर के समीप मंगलवार को बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय के लोग, विशेषकर महिलाएं, एकत्रित हुईं। उनके हाथों में तिब्बत के समर्थन और चीन के विरोध से जुड़े पोस्टर थे। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन इसमें शामिल लोगों की भावनाएं साफ तौर पर झलक रही थीं। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से तिब्बत के हालात पर वैश्विक समुदाय का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

मानवाधिकार उल्लंघन का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि तिब्बत में लंबे समय से चीनी शासन के दौरान मानवाधिकारों का कथित उल्लंघन हो रहा है। उनका दावा था कि तिब्बती जनता वर्षों से दमन और कठिन परिस्थितियों का सामना कर रही है तथा इस संघर्ष में अनेक लोगों ने अपनी जान गंवाई है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने औरg शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में प्रयास तेज करने की मांग की।

भारत सरकार से अधिक सक्रिय भूमिका की मांग

तिब्बती समुदाय ने भारत सरकार से अपील की कि वह तिब्बत के मुद्दे पर नैतिक समर्थन के साथ-साथ अधिक सक्रिय कूटनीतिक भूमिका निभाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारत ने वर्षों से तिब्बती समुदाय को शरण और सहयोग देकर मानवीय परंपरा का परिचय दिया है, जिसके लिए वे आभार व्यक्त करते हैं। उनका मानना है कि तिब्बत में स्थिरता आने से क्षेत्रीय सुरक्षा और सीमाई संतुलन के दृष्टिकोण से भी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों का भी गया ध्यान

महाबोधि मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान भी इस प्रदर्शन की ओर गया। कई लोग कुछ देर रुककर प्रदर्शनकारियों के पोस्टर और संदेशों को पढ़ते नजर आए। हालांकि प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

वैश्विक समुदाय से भी लगाई गुहार

प्रदर्शन के अंत में तिब्बती समुदाय ने संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से भी तिब्बत के मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाने तथा शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रभावी पहल करने की अपील की। उनका कहना था कि वे हिंसा नहीं, बल्कि संवाद और न्यायपूर्ण समाधान की उम्मीद रखते हैं। महाबोधि मंदिर के बाहर हुआ यह प्रदर्शन एक बार फिर तिब्बत से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ले आया।

मनोज की रिपोर्ट