'राजनीति का अपराधीकरण कर रहे पीके', हत्या आरोपी, बाहुबली के समर्थक जनसुराज उम्मीदवार, खूब बरसी कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जन सुराज ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण कुमार झा को उम्मीदवार बनाया है जिन पर आठ मामले दर्ज हैं, इसी तरह बाहुबली अनंत सिंह के समर्थन से चुनाव लड़ रहे अनुज सिंह को उम्मीदवार बनाया है

Jan Suraj MLC Candidates- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज की ओर से उम्मीदवारों के ऐलान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता शिशिर कौंडिल्य ने शुक्रवार को प्रशांत किशोर और जन सुराज पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी और महापुरुषों की तस्वीरों के जरिए राजनीति की बात करने वाली जन सुराज पार्टी ने ऐसे लोगों को टिकट दिया है, जिन पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।


कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जन सुराज ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण कुमार झा को उम्मीदवार बनाया है। उनके मुताबिक, भूषण झा के खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। वहीं, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह को जन सुराज ने उम्मीदवार बनाया है। 

अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन

जन सुराज ने 24 सितंबर को तीन नए उम्मीदवारों के साथ अपनी सभी आठ एमएलसी सीटों के उम्मीदवारों की सूची पूरी की थी। अनुज सिंह को मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थन प्राप्त है। अनंत सिंह खुद बाहुबली छवि के नेता हैं। यहाँ तक कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा से जनसुराज प्रत्याशी के समर्थक रहे दुलारचंद यादव की हत्या में भी अनंत सिंह का नाम आया था जो अब अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।


शिशिर कौंडिल्य ने इसी को आधार बनाते हुए प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों को पार्टी ने विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया है, उनके जरिए जन सुराज बिहार की राजनीति में किस तरह का बदलाव लाना चाहती है। आपराधिक प्रवृत्ति के ऐसे लोग बिहार में कैसा बदलवा लाएंगे।  


पीके हैं  ‘पॉलिटिकल व्यापारी’

कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रशांत किशोर को ‘पॉलिटिकल व्यापारी’ बताते हुए आरोप लगाया कि चुनाव को राजनीति और विचारधारा के बजाय लेन-देन और कमाई का माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करने के बावजूद उम्मीदवारों के चयन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। 

अपराधीकरण को बढ़ावा

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जन सुराज राजनीति के अपराधीकरण को बढ़ावा दे रही है। कौंडिल्य ने कहा कि बिहार की जनता ने जन सुराज को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एक मौका दिया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पार्टी जनता के सवालों से ऊपर हो गई है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में मतदाता उम्मीदवारों और उनकी पृष्ठभूमि का जवाब अपने वोट से देंगे।