नवादा में 147 सहायक अवर निरीक्षक बने पुलिस अवर निरीक्षक, एसपी अभिनव धीमान ने प्रोन्नत पुलिसकर्मियों को पहनाए स्टार

नवादा में 147 सहायक अवर निरीक्षक बने पुलिस अवर निरीक्षक, एसप
नवादा में 147 सहायक अवर निरीक्षक बने पुलिस अवर निरीक्षक- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : पुलिस मुख्यालय, बिहार के दिशा-निर्देशों के आलोक में नवादा जिला पुलिस बल में कार्यरत 147 पुलिसकर्मियों के लिए सामूहिक प्रोन्नति समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह के दौरान जिले के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात 147 सहायक अवर निरीक्षकों (ASI) को पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने प्रोन्नत हुए सभी पुलिस अधिकारियों को कंधे पर स्टार लगाकर सम्मानित किया और उन्हें नई प्रशासनिक भूमिका के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रोन्नति मिलने से पुलिसकर्मियों के बीच हर्ष और उत्साह का वातावरण देखा गया।


'पद ही नहीं, बढ़ी हैं जिम्मेदारियां': एसपी अभिनव धीमान 

समारोह को संबोधित करते हुए एसपी अभिनव धीमान ने कहा कि पदोन्नति केवल पद और वर्दी में बदलाव का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह अपने साथ अधिक गंभीर प्रशासनिक जिम्मेदारियां लेकर आती है। उन्होंने सभी नवप्रोन्नत अवर निरीक्षकों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और मानवीय संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों को पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया। एसपी ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि पुलिस व्यवस्था का सीधा सरोकार आम नागरिक से होता है, इसलिए थानों में अपनी फरियाद लेकर पहुंचने वाले पीड़ित व्यक्तियों के साथ पुलिस अधिकारी पूरी सहानभूति और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।


अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर 

जिले में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और थानों में लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करना और कानून का निष्पक्षता से पालन कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मैदान में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने स्तर से पूरी जवाबदेही तय करते हुए पेशेवर पुलिसिंग का परिचय देना होगा।


जनता से बेहतर समन्वय और संवेदनशील इलाकों में सख्त गश्त 

एसपी ने रेखांकित किया कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए आम नागरिकों का सहयोग और विश्वास बेहद जरूरी है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने नवप्रोन्नत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संवेदनशील स्थलों पर पैनी नजर रखने और किसी भी आपराधिक या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना तंत्र को मजबूत बनाकर ही किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सकता है।


पारदर्शिता से काम करने का निर्देश, सहयोगियों ने दी बधाई 

समारोह के अंतिम चरण में एसपी ने सभी पदाधिकारियों को अपने कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में कानून के नियमों से समझौता न करने का कड़ा संदेश दिया। इस सामूहिक प्रोन्नति समारोह के दौरान जिले के कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने पदोन्नत हुए अवर निरीक्षकों को बधाई दी। इस बड़े पैमाने पर हुई प्रोन्नति के बाद अब नवादा जिले के थानों में अनुसंधान और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पुलिस तंत्र अधिक सुदृढ़ और तत्पर नजर आएगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट