Bihar News : CUSB दीक्षांत समारोह भोजन विवाद, कांग्रेस नेता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कुलपति पर बोला हमला, उच्च स्तरीय जांच की मांग

Bihar News : दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUSB) के पंचम दीक्षांत समारोह के समापन के बाद परोसे गए भोजन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है.....पढ़िए आगे

जांच की मांग - फोटो : NAROTTAM

PATNA : सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार गयाजी में दीक्षांत समारोह में सड़े और महके हुए खाने के वायरल वीडियो पर बिहार कांग्रेस के नेता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि वीडियो देखने से यह स्पष्ट हो रहा है कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो कामेश्वरनाथ सिंह ने पूर्व छात्रों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने का काम किया है क्योंकि पूरी कमिटी का निर्माण उनके ही देख रेख में हुआ है। 

वीडियो में कर्मचारियों ने भी स्पष्ट किया है कि जैसा निर्देश ऊपर से आया है उसी हिसाब से भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू तय हुआ था जो स्पष्ट करता है कि बिहार के इस केंद्रीय विश्वविद्यालय में दीक्षांत के भोजन में भी कुलगुरु ने घोटाला करने की कसम खा रखी थी। प्रत्येक छात्रों से 500 रुपए का दीक्षांत शुल्क भी विश्वविद्यालय द्वारा जमा कराया गया था और छात्र छात्राओं को दीक्षांत के मुख्य समारोह के बाद भोजन का निमंत्रण था लेकिन इतनी घटिया गुणवत्ता और बासी खाने ने निश्चित तौर पर पूरे आयोजन में व्याप्त भ्रष्टाचार को खुलेआम कर दिया है। 

इस मामले में जिला जज के निर्देशन में अविलंब उच्च स्तरीय जांच कमिटी बनाने की मांग डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने की है। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे उत्साह से अंतिम दिन डिग्री लेने पहुंचे छात्रों को इस तरीके के भोजन करने को मजबूर किया गया जो दोयम दर्जे से भी नीचे का था, यह स्पष्ट करता है कि कार्यक्रम में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया है।

उन्होंने कहा की अब जब दीक्षांत के घटिया भोजन का वीडियो वायरल है तो इसपर कुलपति का भ्रष्टाचार खुलेआम है। खाने का कैटरिंग और गुणवत्ता का निर्धारण कुलपति के निर्देशन में ही होता है तो ऐसे में कुलपति महोदय को अपना स्पष्टीकरण देना आवश्यक है।