हाजीपुर में भीषण नाव हादसा: राघोपुर में गंगा नदी में पलटी नाव, 15-20 लोग थे सवार, कई बच्चो कि मौत कि ख़बर

हाजीपुर के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में 15-20 लोगों से भरी नाव पलट गई। भोज में शामिल होने जाने के दौरान यह हादसा हुआ। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।

हाजीपुर में भीषण नाव हादसा: राघोपुर में गंगा नदी में पलटी ना

हाजीपुर से इस वक्त की एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है, जहां राघोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर श्यामचंद गांव के नजदीक गंगा नदी में एक नाव असंतुलित होकर पलट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस नाव पर लगभग 15 से 20 लोग सवार थे। नदी के बीच जलधारा में अचानक नाव पलटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।


भोज खाने जाने के दौरान हुआ भीषण हादसा

बताया जा रहा है कि नाव पर सवार सभी लोग किसी भोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा घटित हुआ। नदी का जलस्तर और तेज बहाव के बीच नाव अचानक गहरे पानी में जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे अधिकांश लोग पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों ने जब यह मंजर देखा तो तुरंत अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को इसकी सूचना दी।


पांच से आठ लोगों के हताहत होने की आशंका

हादसे के बाद शुरुआती रिपोर्ट्स में पांच से आठ लोगों के डूबने और उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। अंधेरे और नदी के गहरे पानी के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष और चिंता का माहौल है।


प्रशासनिक टीम मौके पर रवाना, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। गोताखोरों और राहत दल को मौके पर भेजा गया है ताकि डूबे हुए लोगों की तलाश की जा सके। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से लापता लोगों की खोजबीन के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।