बेटियों की कीमत लगाने वाली भाजपा माफी मांगो : उत्तराखंड में बिहार के अपमान पर कांग्रेस का सबसे बड़ा हमला
बिहार की बेटियों के स्वाभिमान और महिलाओं के सम्मान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उत्तराखंड की एक मंत्री के पति द्वारा दिए गए विवादित बयान के बाद कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
Patna - उत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अत्यंत आपत्तिजनक बयान दिया है। उन्होंने मंच से कहा कि "बिहार में 20-25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं।" उनके इस बयान ने बिहार की सांस्कृतिक और सामाजिक गरिमा को गहरी चोट पहुँचाई है, जिसकी चौतरफा निंदा हो रही है।
राजेश राम ने जताई कड़ी आपत्ति
बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने इस बयान को 'घृणित' और 'शर्मनाक' करार दिया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा महिला सशक्तिकरण की बात करती है और दूसरी तरफ उनकी सरकार की मंत्री के पति सार्वजनिक मंच से बिहार की बेटियों की कीमत लगा रहे हैं और उनकी खरीद-फरोख्त की बात कर रहे हैं। राजेश राम ने मांग की है कि भाजपा को इस अपमान के लिए अविलंब बिहार की बेटियों से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा की सोच पर उठाया सवाल
राजेश राम ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेता बाहरी राज्यों में लगातार बिहार का अपमान करते हैं और ऐसे लोगों को पार्टी का संरक्षण प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति भाजपा नेताओं की यह ओछी सोच भारतीय संस्कृति के विरुद्ध है, जो नारी के सम्मान की शिक्षा देती है।
अंकिता भंडारी केस का किया जिक्र
अपने बयान में कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तराखंड की चर्चित 'अंकिता भंडारी हत्या' की घटना का भी हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के बड़े नेताओं द्वारा एक महिला पर 'स्पेशल सर्विस' देने का दबाव बनाया गया था और इनकार करने पर उसकी जान ले ली गई। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी से लेकर बिहार की बेटियों पर दिए गए ताज़ा बयान तक, भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा एक जैसा ही है।
नारी सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को अपमानित करने वाली मंशा और ऐसे बयानों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजेश राम ने कहा कि भाजपा नेता बार-बार भारतीय संस्कृति का गला घोंटने पर उतारू हैं और महिलाओं को केवल अपमानित करने वाले कृत्य करते रहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा ने इस पर स्टैंड साफ नहीं किया, तो बिहार की जनता उन्हें करारा जवाब देगी।